गहरे अवदाब के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में हो रही झमाझम बारिश , कई जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट
रायपुर, 29 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में सक्रिय गहरे अवदाब के प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में पिछले 24 घंटों के दौरान अच्छी वर्षा दर्ज की गई। कई जिलों में भारी बारिश हुई, जबकि राजधानी रायपुर में देर रात तक वर्षा का दौर जारी रहा। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर वर्षा होने तथा एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना व्यक्त की है।
मौसम विभाग के अनुसार, गहरा अवदाब वर्तमान में उत्तर तटीय ओडिशा एवं उससे लगे गंगीय पश्चिम बंगाल के ऊपर स्थित है और उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। इसके अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर ओडिशा, दक्षिण झारखंड तथा उत्तर छत्तीसगढ़ तक पहुंचने की संभावना है। मानसून द्रोणिका मध्य समुद्र तल पर अनूपगढ़, पिलानी, हमीरपुर, डाल्टनगंज, गहरे अवदाब के केंद्र से होते हुए उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक विस्तृत है। इसके प्रभाव से प्रदेश में व्यापक वर्षा की अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं।
प्रदेश में सर्वाधिक 11 सेंटीमीटर वर्षा चांपा में दर्ज की गई। इसके अतिरिक्त जांजगीर एवं अकलतरा में 9-9 सेंटीमीटर तथा नगरी, मैनपुर, गुरूर, राधम और पिथौरा में 8-8 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। राजधानी रायपुर में पिछले 24 घंटों के दौरान 5 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया।
मौसम विभाग ने रायपुर में आज बुधवार को आकाश मेघाच्छादित रहने तथा गरज-चमक के साथ भारी वर्षा की संभावना जताई है। रायपुर का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, बेमेतरा एवं मुंगेली जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान गरज-चमक, आकाशीय बिजली तथा 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ वर्षा होने की चेतावनी जारी की है। वहीं उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, रायपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, कबीरधाम, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया एवं बलरामपुर सहित अनेक जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं, गरज-चमक और वर्षा की संभावना व्यक्त की गई है।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश में अब तक मौसमी वर्षा सामान्य से 18 प्रतिशत कम दर्ज की गई है। हालांकि वर्तमान मौसम प्रणाली के प्रभाव से आगामी दिनों में वर्षा की गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

