home page

बलरामपुर में बदला मौसम का मिजाज, गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि, किसानों की बढ़ी चिंता

 | 
बलरामपुर में बदला मौसम का मिजाज, गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि, किसानों की बढ़ी चिंता


बलरामपुर, 20 मार्च (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में शुक्रवार दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट ली। तेज गरज-चमक के साथ हुई ओलावृष्टि और बारिश ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी, वहीं किसानों की चिंता बढ़ा दी है।

बलरामपुर जिले में पिछले दो से तीन दिनों से मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। सुबह और दोपहर तक तेज धूप और गर्मी का असर बना रहता है, लेकिन दोपहर बाद अचानक बादल छा जाते हैं और मौसम सुहावना हो जाता है। शुक्रवार को भी दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली और तेज गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि एवं बारिश हुई।

मौसम विभाग के अनुसार आज अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में तेज गर्मी के बाद शाम होते-होते तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे लोगों को राहत मिल रही है।

हालांकि, मौसम में आए इस बदलाव ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। क्षेत्र में इस समय गेहूं, चना और सरसों जैसी फसलें तैयार अवस्था में हैं और खेतों में लहलहा रही हैं। ऐसे में ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।

मौसम के इस बदले हुए रुख के अगले तीन से चार दिनों तक बने रहने की संभावना है। यदि इसी तरह ओलावृष्टि और बारिश जारी रहती है, तो किसानों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ सकता है। प्रशासन और कृषि विभाग की ओर से किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी जा सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय