home page

बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर मिस्टिंग सिस्टम से यात्रियों को राहत, ओआरएस भी उपलब्ध

 | 
बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर मिस्टिंग सिस्टम से यात्रियों को राहत, ओआरएस भी उपलब्ध


बिलासपुर, 22 अप्रैल (हि.स.)। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल ने भीषण गर्मी से यात्रियों को राहत देने के लिए प्लेटफॉर्म नंबर-01 पर अत्याधुनिक मिस्टिंग सिस्टम शुरू किया है। इसके साथ ही डिहाइड्रेशन से बचाव के लिए जरूरतमंद यात्रियों को ओआरएस सैशे भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

मिस्टिंग सिस्टम का परीक्षण करने के बाद इसे तत्काल प्रभाव से शुरू कर दिया गया है। प्लेटफॉर्म पर ठंडे पानी की बारीक फुहारें लगातार छोड़ी जा रही हैं, जिससे यात्रियों को गर्मी से काफी राहत मिल रही है और वातावरण ठंडा बना हुआ है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह ने आज बुधवार काे बताया कि रेल प्रशासन यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी यात्री-केंद्रित सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह के निर्देशन में स्टेशनों और ट्रेनों में यात्रियों को ओआरएस (ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्ट) सैशे उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

टिकट स्टाफ कर रहा वितरण

टिकट चेकिंग स्टाफ द्वारा यात्रियों को आवश्यकतानुसार ओआरएस सैशे वितरित किए जा रहे हैं, ताकि उन्हें तत्काल राहत मिल सके और गर्मी से होने वाले स्वास्थ्य जोखिमों को कम किया जा सके। साथ ही स्टेशनों पर स्वच्छ और ठंडा पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पर्याप्त वाटर कूलर और पेयजल नलों की व्यवस्था भी की गई है।

निशुल्क प्याऊ की व्यवस्था भी

रेलवे प्रशासन की पहल पर समाजसेवी संस्थाओं और स्वैच्छिक संगठनों के सहयोग से निशुल्क प्याऊ भी संचालित किए जा रहे हैं, जिससे यात्रियों को गर्मी के दौरान अतिरिक्त राहत मिल रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय