home page

बलरामपुर : स्वास्थ्य स्वयंसेवकों को मिला विशेष प्रशिक्षण

 | 
बलरामपुर : स्वास्थ्य स्वयंसेवकों को मिला विशेष प्रशिक्षण


बलरामपुर, 08 जुलाई (हि.स.)। जिले में समुदाय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के उद्देश्य से सामुदायिक स्वयंसेवकों के लिए एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने यूनिसेफ छत्तीसगढ़ और एमसीसीआर ट्रस्ट के सहयोग से शासकीय नवीन महाविद्यालय बलरामपुर में आयोजित इस प्रशिक्षण में स्वयंसेवकों को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, सिकल सेल रोग, गैर-संचारी बीमारियों की पहचान और सामाजिक चुनौतियों से जुड़े विषयों की जानकारी दी।

प्रशिक्षण में जिले के 55 सामुदायिक स्वयंसेवकों ने भाग लिया। विशेषज्ञों ने सिकल सेल रोग, बच्चों में टाइप-1 मधुमेह, जन्मजात हृदय रोग तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही बाल विवाह, किशोरी गर्भावस्था और स्कूल छोड़ चुके बच्चों जैसी सामाजिक समस्याओं पर भी चर्चा करते हुए इनके समाधान में समुदाय की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया गया।

विशेषज्ञों ने बताया कि समुदाय स्तर पर कार्य करने वाले स्वयंसेवक बच्चों में बढ़ रहे गैर-संचारी रोगों की शुरुआती पहचान और समय पर उपचार सुनिश्चित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। सही जानकारी होने पर वे जरूरतमंद बच्चों और परिवारों को समय रहते स्वास्थ्य संस्थानों से जोड़कर गंभीर जटिलताओं को कम करने में मदद करेंगे।

प्रशिक्षण के दौरान स्वयंसेवकों को टाइप-1 मधुमेह के शुरुआती लक्षण, सिकल सेल रोग की समय पर जांच और नियमित उपचार, जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों के शीघ्र रेफरल तथा गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं की नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में पूर्ण टीकाकरण, संतुलित पोषण, एनीमिया नियंत्रण, संस्थागत प्रसव और मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित निगरानी पर भी विशेष जोर दिया गया। प्रशिक्षण के अंत में स्वयंसेवकों ने अपने-अपने क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता अभियान को गति देने, जरूरतमंद परिवारों को समय पर स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने और बच्चों व गर्भवती महिलाओं तक नियमित स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी विजय सिंह, जिला टीकाकरण अधिकारी अनुज टोप्पो, जिला कार्यक्रम प्रबंधक स्मृति एक्का, यूनिसेफ के श्वेताभ त्रिपाठी, कम्युनिटी मोबिलाइजेशन कंसल्टेंट सुरभि शुक्ला, गजेंद्र सिंह तथा एमसीसीआर ट्रस्ट के संचालक डी. श्याम कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं विशेषज्ञ उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय