मौसमी बीमारियों की रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क
चिन्हांकित क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर, चिकित्सक और दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता
धमतरी, 05 सितंबर (हि.स.)। जिले में मौसमी बीमारियों की रोकथाम एवं नियंत्रण को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क है। बारिश के मौसम में संभावित बीमारियों को ध्यान में रखते हुए पूर्व अनुभवों के आधार पर संवेदनशील एवं चिन्हांकित क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की टीम लोगों की जांच कर आवश्यक उपचार और दवाइयां उपलब्ध करा रही है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने शनिवार काे बताया कि वर्तमान में जिले में मौसमी बीमारियों की स्थिति सामान्य है, इसके बावजूद एहतियातन लगातार निगरानी की जा रही है। चिन्हांकित क्षेत्रों में स्वास्थ्य अमले को सक्रिय रखा गया है तथा आवश्यकता के अनुसार चिकित्सकीय दल भेजकर लोगों की स्वास्थ्य जांच की जा रही है। बुखार, सर्दी-खांसी, उल्टी-दस्त सहित अन्य मौसमी लक्षण वाले मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक उपचार एवं परामर्श दिया जा रहा है। मैदानी स्तर पर मितानिनों, एएनएम एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के माध्यम से लोगों को स्वच्छ पेयजल के उपयोग, घर एवं आसपास साफ-सफाई रखने, पानी जमा नहीं होने देने तथा व्यक्तिगत स्वच्छता का ध्यान रखने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
लोगों से अपील की गई है कि बुखार अथवा अन्य स्वास्थ्य संबंधी लक्षण दिखाई देने पर स्वयं दवा लेने के बजाय नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र अथवा स्वास्थ्य शिविर में चिकित्सकीय परामर्श लें। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए समय पर निगरानी, त्वरित जांच और उपचार सबसे महत्वपूर्ण है। स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले को सक्रिय रखते हुए चिन्हांकित क्षेत्रों में शिविर लगाए जा रहे हैं। किसी भी क्षेत्र में बीमारी के मामलों में वृद्धि की सूचना मिलने पर तत्काल स्वास्थ्य टीम पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करे। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को मौसमी बीमारियों की स्थिति पर निरंतर निगरानी रखने तथा आवश्यकतानुसार दवाइयों एवं चिकित्सकीय संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

