चंदनपुर में स्वास्थ्य जागरूकता शिविर, दूरस्थ वनांचल में पहुंचीं स्वास्थ्य सेवाएं
धमतरी, 17 अप्रैल (हि.स.)।वनांचल क्षेत्र डोकाल पंचायत के ग्राम चंदनपुर में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने और ग्रामीणों को जागरूक बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार काे स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। अवनीति एजुकेशन ट्रेनिंग फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में स्वास्थ्य विभाग की सक्रिय भागीदारी रही।
कमार जनजाति बहुल इस दूरस्थ आदिवासी ग्राम का चयन विशेष रूप से किया गया, ताकि यहां के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ सीधे उनके क्षेत्र में मिल सके। शिविर में पीएम जनमन वाहन के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं, जिससे ग्रामीणों को जांच और उपचार की सुविधा सुलभ हुई। शिविर के दौरान कुल 23 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, वहीं 10 आयुष्मान कार्ड बनाए गए। संचारी रोगों के तहत 20 लोगों का पंजीयन भी किया गया।
कार्यक्रम में सीएमएचओडा यूएल कौशिक, जिला कार्यक्रम प्रबंधक डा प्रिया कंवर, बीएमओ, बीपीएम सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ जागरूकता कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं। महिला एवं बाल विकास तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों तक पहुंचाई गई।
अवनीति एजुकेशन ट्रेनिंग फाउंडेशन ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में पहल करते हुए किशोर बालिकाओं और महिलाओं को माहवारी स्वच्छता किट वितरित की। वहीं बच्चों को इलेक्ट्रॉनिक स्लेट, सैनिटाइजर और साबुन प्रदान किए गए। शिविर के माध्यम से दूरस्थ वनांचल क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के साथ ही लोगों में जागरूकता का संदेश भी प्रभावी रूप से प्रसारित किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

