home page

हटकेशर वार्ड में चंगाई सभा, हिंदू जागरण मंच ने किया विरोध

 | 
हटकेशर वार्ड में चंगाई सभा, हिंदू जागरण मंच ने किया विरोध


धमतरी, 09 अगस्त (हि.स.)। शहर के एक कालोनी में चंगाई सभा होने की खबर पर हिन्दू जागरण मंच के पदाधिकारियों व सदस्यों ने वहां पहुंचकर जमकर विरोध किया। घटना की खबर पर पुलिस पहुंची और जांच में जुट गई है।

सिटी कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नौ अगस्त की सुबह 11:30 बजे हटकेशर स्थित वंदना विहार कालोनी में हिन्दू जागरण मंच के पदाधिकारी व सदस्यों को कालोनी के एक घर में प्रार्थना सभा होने की जानकारी मिली। खबर पाते ही संगठन के लोग वहां पहुंचकर प्रार्थना सभा की आवाज सुनाई देने पर संगठन के लोगों ने यहां जमकर नारेबाजी और हंगामा किया।

हंगामा की खबर पुलिस तक पहुंची तो पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। सिटी कोतवाली प्रभारी राजेश जगत ने हिन्दू जागरण मंच के लोगों को कार्रवाई का आश्वासन दिया है, इसके बाद माहौल शांत हुआ। यहां पहुंचे हिन्दू जागरण मंच के पदाधिकारियों ने आरोप लगाते हुए कहा कि भोले भाले लोगों को बहला फुसलाकर और पैसे का लालच देकर धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। इसके लिए बाहर से बड़ी फंडिंग आ रही है। इस तरह के आयोजन के लिए छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम का पालन नहीं किया जा रहा है, यही वजह है कि कार्रवाई नहीं होने से ऐसे लोगों का हौसला बुलंद है।

उल्लेखनीय है कि, चंगाई सभा सिर्फ धमतरी शहर ही नहीं बल्कि आसपास के कई गांवों में होता है। इसकी शिकायतें समय-समय पर होती है, लेकिन कार्रवाई नहीं होती, इसे लेकर हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं में काफी नाराजगी है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा