home page

पिकअप की ठोकर से प्रधान आरक्षक की मौत, नगर सैनिक गंभीर, रायपुर रेफर

 | 
पिकअप की ठोकर से प्रधान आरक्षक की मौत, नगर सैनिक गंभीर, रायपुर रेफर


रात्रि गश्त के दौरान दर्दनाक हादसा

धमतरी, 20 मई (हि.स.)। शहर में बुधवार अलसुबह गश्त के दौरान एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सुबह करीब 3:30 बजे सिहावा चौक के पहले संजय आर्ट्स दुकान के पास तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों की माेटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कोतवाली थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक विजय बैरागी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नगर सैनिक दिलीप पांडे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार प्रधान आरक्षक विजय बैरागी और नगर सैनिक दिलीप पांडे रात्रि गश्त पर निकले थे। गश्त के दौरान जैसे ही वे सिहावा चौक पहुंचे, तभी संजय आर्ट्स के पास एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी माेटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के समय माेटरसाइकिल नगर सैनिक दिलीप पांडे चला रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप चालक माेटरसाइकिल को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। घटना में प्रधान आरक्षक विजय बैरागी की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल नगर सैनिक दिलीप पांडे को तत्काल उपचार के लिए मसीही अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक होने पर रायपुर रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है। इस दुखद हादसे से पुलिस विभाग में शोक की लहर है। पुलिसकर्मियों एवं परिचितों ने प्रधान आरक्षक विजय बैरागी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा