home page

कार्यस्थल पर पति की मौत के बाद हरेलिया बाई को मिली एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता

 | 
कार्यस्थल पर पति की मौत के बाद हरेलिया बाई को मिली एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता


कोरबा, 6 अक्टूबर (हि. स.)। कुसमुण्डा के नवधा चौक, आनंद नगर निवासी हरेलिया बाई के परिवार को कठिन समय में शासन की सहायता से आर्थिक संबल मिला है। उनके पति स्वर्गीय राम प्रताप यादव की कार्य के दौरान करंट लगने से मृत्यु हो गई थी। वे वेल्डर के रूप में काम करते थे और परिवार की आजीविका का मुख्य सहारा थे।

पति के निधन के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया। स्वर्गीय राम प्रताप यादव का मजदूर कार्ड पंजीयन नहीं था। ऐसे में अपंजीकृत श्रमिकों की कार्यस्थल पर मृत्यु होने की स्थिति में सहायता प्रदान करने वाली शासन की योजना के तहत हरेलिया बाई को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।

इस सहायता से संकट की घड़ी में परिवार को जरूरी खर्चों को पूरा करने में राहत मिली। इसके अलावा हरेलिया बाई को महतारी वंदन योजना के तहत प्रतिमाह आर्थिक लाभ भी प्राप्त हो रहा है।

हरेलिया बाई ने शासन और श्रम विभाग, कोरबा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कठिन समय में मिली आर्थिक सहायता उनके परिवार के लिए बड़ा सहारा बनी है। शासन की योजनाओं से मिली मदद ने परिवार को आर्थिक संकट से उबरने में संबल प्रदान किया है।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी