home page

बलरामपुर : नौ से 17 अगस्त तक चलेगा हर घर तिरंगा अभियान

 | 

बलरामपुर, 08 अगस्त (हि.स.)। वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले में 9 से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलाया जाएगा। अभियान में व्यापक जनभागीदारी के माध्यम से राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा। आज शनिवार को राज्य शासन के निर्देशों के तहत जिले में अभियान की तैयारियों की जानकारी दी गई।

अभियान के दौरान जिले के सभी विकासखंडों, ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों, शैक्षणिक संस्थानों और शासकीय कार्यालयों में विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में अभियान के सफल संचालन के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। अभियान के तहत तिरंगा यात्रा, तिरंगा रैली, तिरंगा दौड़ एवं मैराथन, तिरंगा प्रतिज्ञा, तिरंगा सेल्फी, तिरंगा सम्मान, तिरंगा मेला और तिरंगा कॉन्सर्ट सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे।

सार्वजनिक स्थलों पर विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इनमें स्वतंत्रता आंदोलन और देश की राष्ट्रीय धरोहर से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं को प्रदर्शित किया जाएगा। अभियान के माध्यम से लोगों को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास से जोड़ने और राष्ट्रध्वज के सम्मान के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय