छत्तीसगढ़ के बीजापुर में नक्सली डंप से ग्रेनेड, तीर बम, बीजीएल कलपुर्जे बरामद
बीजापुर, 10 सितंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में लगातार चलाए जा रहे सर्चिंग अभियानों के दौरान सुरक्षा बलों ने आज गुरूवार काे बरामद नक्सली डंप से दो ग्रेनेड और पांच तीर बम, बीजीएल (बैरल ग्रेनेड लॉन्चर) के कलपुर्जे, ग्रेनेड, तीर बम, डेटोनेटर और नॉन-इलेक्ट्रिक वायर सहित अन्य नक्सल सामग्री मिली है। बरामद विस्फोटक सामग्री में से संवेदनशील सामग्री को सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए बीडीएस की टीम ने मौके पर ही सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया। बीजापुर एसपी उमेंश कुमार गुप्ता ने इसकी पुष्टि की है।
पुलिस से मिली जानकरी के अनुसार बीजापुर के एफओबी ताड़पाल क्षेत्र में सीआरपीएफ की 196वीं बटालियन ने ताड़पाल पहाड़ी इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया। सर्चिंग के दौरान पत्थरों और जमीन के नीचे छिपाकर रखी गई नक्सल सामग्री बरामद हुई। सुरक्षा बलों ने यहां से 105 नग बीजीएल राउंड कंपोनेंट्स, एक बीजीएल नोज, दो लोहे के पाइप, एक एल्युमिनियम पतीला और लेथ मशीन का हैंडल बरामद किया। वहीं डीआरजी एवं थाना मिरतुर की संयुक्त टीम ने इंडरीपाल जंगल में सर्चिंग अभियान के दाैरान मिले नक्सली डंप से दो ग्रेनेड और पांच तीर बम बरामद किए गए। बरामद विस्फोटक सामग्री को सुरक्षा मानकों के तहत बीडीएस की टीम द्वारा मौके पर ही सुरक्षित रूप से नष्ट कर दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

