home page

शासकीय विद्यालय जमनीपाली में बाल दिवस पर लगा भव्य फन फेयर, विद्यार्थियों ने दिखाया उद्यमिता का हुनर

 | 
शासकीय विद्यालय जमनीपाली में बाल दिवस पर लगा भव्य फन फेयर, विद्यार्थियों ने दिखाया उद्यमिता का हुनर


शासकीय विद्यालय जमनीपाली में बाल दिवस पर लगा भव्य फन फेयर, विद्यार्थियों ने दिखाया उद्यमिता का हुनर


कोरबा, 14 नवंबर (हि. स.)। स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय जमनीपाली में आज बाल दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों के लिए एक भव्य फन फेयर का आयोजन किया गया। इस मेले में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 35 से अधिक स्टॉल लगाए। विभिन्न प्रकार के खाद्य पदार्थों, हस्तनिर्मित वस्तुओं और रचनात्मक सजावटी सामग्रियों से सजे इन स्टॉलों ने मेले को आकर्षण का केंद्र बना दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा एवं पंडित जवाहरलाल नेहरू के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके पश्चात रिबन काटकर फन फेयर का शुभारंभ किया गया। मेले में विद्यार्थियों द्वारा चाउमीन, कटलेट, भेल, गुपचुप, समोसा चाट, कॉर्न चाट, इडली, सैंडविच सहित कई स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल लगाए गए थे। वहीं, एक विशेष स्टॉल पर विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई हस्तनिर्मित वस्तुएं प्रदर्शित एवं विक्रय के लिए रखी गई थीं। इनमें क्रोशिया से बने की-चेन, बुकमार्क, हाथ से तैयार स्क्रंचीज, बन स्टिक तथा विभिन्न सजावटी वस्तुएं शामिल थीं। विद्यार्थियों की रचनात्मकता और मेहनत इन वस्तुओं में स्पष्ट रूप से दिखाई दी।

मेले का एक विशेष आकर्षण उच्चतर माध्यमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए क्लास-कैफे रहे। विद्यार्थियों ने अपनी-अपनी कक्षाओं को आकर्षक ढंग से सजाकर कैफे का रूप दिया। साथ ही ग्राहकों के बैठने और उन्हें व्यवस्थित तरीके से भोजन परोसने की उचित व्यवस्था भी की। इन कैफे के माध्यम से विद्यार्थियों ने वास्तविक व्यावसायिक गतिविधियों का अनुभव प्राप्त किया।

विद्यालय के प्राचार्य अभिमन्यु साहू ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक रूप से व्यवसाय की विभिन्न बारीकियों से परिचित कराना था। विशेष रूप से क्लास-कैफे की पहल विद्यार्थियों को व्यवसाय संचालन के अलग-अलग पहलुओं को समझने का अवसर देती है। इसके माध्यम से वे खाद्य पदार्थों की तैयारी, विपणन, स्वच्छता का महत्व, आकर्षक वातावरण तैयार करना, ग्राहकों के साथ व्यवहार तथा नकदी के लेन-देन जैसी आवश्यक गतिविधियों को प्रत्यक्ष रूप से सीख सकते हैं।

पूरे आयोजन में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। स्वादिष्ट व्यंजनों, आकर्षक हस्तनिर्मित वस्तुओं और विद्यार्थियों के उत्साह से सजा यह फन फेयर बाल दिवस के उत्सव को यादगार बनाने के साथ ही विद्यार्थियों के लिए सीखने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का एक बेहतरीन अवसर साबित हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी