रायपुर में तिरंगा फेस्ट ने रचा नया रंगमंच, ‘गुरु वंदन’ ग्रैंड फिनाले में 30 प्रस्तुतियों ने बांधा समां
रायपुर, 4 सितंबर (हि.स.)। राजधानी रायपुर के जयस्तंभ चौक स्थित शहीद स्मारक भवन में ‘गुरु वंदन’ थीम पर तिरंगा फेस्ट फेस्टिवल का गुरुवार को ग्रैंड फिनाले आयोजित किया गया। सितंबर माह को डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को समर्पित इस कार्यक्रम में कला, संस्कृति, गुरु-शिष्य परंपरा और देशभक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम में शास्त्रीय संगीत, कथक, भरतनाट्यम, नृत्य, गीत, देशभक्ति गीत एवं वर्चुअल प्रस्तुतियों सहित करीब 30 प्रस्तुतियां मंच पर प्रस्तुत की गईं। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ अपनी कला का प्रदर्शन किया।
इस आयोजन की सबसे खास तस्वीर तब देखने को मिली जब करीब पांच वर्ष के नन्हे-मुन्ने कलाकारों ने मंच पर अपनी प्रस्तुतियां दीं। प्रतियोगिता में दो आयु वर्ग रखे गए थे - 5 से 15 वर्ष तथा 15 से 70 वर्ष। एक ही मंच पर बच्चों की मासूम प्रतिभा और वरिष्ठ प्रतिभागियों के अनुभव का सुंदर संगम देखने को मिला। सितंबर माह की थीम ‘गुरु वंदन’ होने के कारण शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने एक साथ मंच साझा किया, जिससे गुरु-शिष्य परंपरा का भाव जीवंत हो उठा।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कहा कि, तिरंगा फेस्ट की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि हर महीने इसका विषय बदलेगा और समाज के अलग-अलग वर्गों तथा महापुरुषों को केंद्र में रखकर कार्यक्रम आयोजित होंगे।
आने वाले महीनों में महापुरुषों की जयंती एवं महत्वपूर्ण अवसरों को ध्यान में रखते हुए तिरंगा फेस्ट की थीम निर्धारित की जाएगी। 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की स्मृति में अंत्योदय वंदन पर्व के रूप में मनाया जाएगा। जिसमें स्वच्छता दीदी, पिंक दीदी, सफाई दीदी सहित जमीनी स्तर पर कार्य करने वालों को विशेष मंच दिया जाएगा।
इसी तरह रानी लक्ष्मीबाई की जयंती पर मंच महिलाओं को समर्पित रहेगा, स्वामी विवेकानंद जयंती पर 12 से 29 वर्ष के युवाओं को मंच मिलेगा तथा दिसंबर माह में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को समर्पित भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन होगा।
तिरंगा फेस्ट का आयोजन जिला प्रशासन रायपुर, नगर निगम रायपुर, कला केंद्र एवं स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त प्रयास से किया जा रहा है।
इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, नगर पालिक निगम आयुक्त संबित मिश्रा, नगर निगम बिरगांव आयुक्त युगल किशोर उर्वशा, अपर कलेक्टर नवीन ठाकुर, अपर कलेक्टर कीर्तिमान राठौर तथा पार्षद अमर गिदवानी सहित अन्य गणमान्य अतिथिगण उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

