home page

विश्व योग दिवस पर इंडस पब्लिक स्कूल, दीपका में भव्य आयोजन, विद्यार्थियों ने सीखे योग के शारीरिक और मानसिक लाभ

 | 
विश्व योग दिवस पर इंडस पब्लिक स्कूल, दीपका में भव्य आयोजन, विद्यार्थियों ने सीखे योग के शारीरिक और मानसिक लाभ


विश्व योग दिवस पर इंडस पब्लिक स्कूल, दीपका में भव्य आयोजन, विद्यार्थियों ने सीखे योग के शारीरिक और मानसिक लाभ


कोरबा/दीपका, 21 जून (हि. स.)। विश्व योग दिवस के अवसर पर आज रविवार काे इंडस पब्लिक स्कूल, दीपका में योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता पर आधारित भव्य और प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजय गुप्ता, शिक्षकगण, शिक्षकेत्तर कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यालय परिसर योगमय वातावरण से सराबोर रहा और पूरे आयोजन के दौरान स्वास्थ्य, अनुशासन एवं सकारात्मक जीवनशैली का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक प्रार्थना के साथ हुआ। इसके बाद योग के महत्व पर प्रेरणादायी विचार प्रस्तुत किए गए। योग प्रशिक्षक प्रियांक सिंह, खेल प्रशिक्षक पीयूष मिश्रा, स्पोर्ट्स शिक्षक रतीराम तथा शिप्रा डे ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को विभिन्न योगासनों और प्राणायामों का अभ्यास कराया। इस दौरान ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, त्रिकोणासन, वज्रासन और पद्मासन सहित कई महत्वपूर्ण योगासन कराए गए। साथ ही अनुलोम-विलोम, कपालभाति और भ्रामरी प्राणायाम के अभ्यास के माध्यम से योग के स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी गई।

योग प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों को बताया कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करती है। नियमित योगाभ्यास से शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होने के साथ मानसिक तनाव कम होता है, एकाग्रता बढ़ती है और जीवन में सकारात्मक सोच विकसित होती है।

इस अवसर पर मोटिवेशनल स्पीकर प्रियांक सिंह ने कहा कि योग हमें केवल स्वस्थ रहना ही नहीं सिखाता, बल्कि स्वयं को पहचानने और अपने भीतर निहित असीम संभावनाओं को जागृत करने की प्रेरणा भी देता है। वहीं खेल प्रशिक्षक पीयूष मिश्रा ने कहा कि विश्व योग दिवस हमें यह याद दिलाता है कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन ही उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं।

विद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजय गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारतीय संस्कृति का ऐसा दिव्य उपहार है जिसने पूरी दुनिया को स्वास्थ्य, अनुशासन और आत्मिक शांति का मार्ग दिखाया है। वर्तमान समय में जब जीवनशैली अनेक चुनौतियों से घिरी हुई है, तब योग शारीरिक स्फूर्ति, मानसिक संतुलन और आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से दैनिक जीवन में योग को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ और सृजनशील मस्तिष्क का विकास संभव है।

उन्होंने कहा कि विश्व योग दिवस केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली अपनाने का संकल्प है। योग व्यक्ति में आत्मानुशासन, धैर्य और सकारात्मक सोच विकसित करता है तथा जीवन के हर क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित करता है।

कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों ने नियमित योगाभ्यास करने तथा स्वस्थ, जागरूक और अनुशासित समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। विद्यालय परिसर में व्याप्त उत्साह, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा ने इस आयोजन को यादगार बना दिया।

विश्व योग दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश लेकर आया। साथ ही भारतीय संस्कृति की उस महान परंपरा को भी पुनर्जीवित करने का माध्यम बना, जो संपूर्ण मानवता के कल्याण और स्वस्थ जीवन की दिशा में मार्ग प्रशस्त करती है।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी