जांजगीर-चांपा : 24 जून को जिलेभर में होगी ग्रामसभा, 18 प्रमुख मुद्दों पर होगी चर्चा
जांजगीर-चांपा, 23 जून (हि. स.)। जिले की सभी ग्राम पंचायतों और उनके आश्रित ग्रामों में 24 जून 2026 को ग्रामसभा का आयोजन किया जाएगा। छत्तीसगढ़ पंचायती राज अधिनियम 1993 के प्रावधानों के तहत आयोजित होने वाली इस महत्वपूर्ण बैठक में पंचायत विकास, ग्रामीण कल्याण, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, राजस्व और जनहित से जुड़े 18 प्रमुख विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी तथा आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन और जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे के मार्गदर्शन में आयोजित ग्रामसभा की शुरुआत पिछली बैठक में पारित संकल्पों के क्रियान्वयन की समीक्षा से होगी। साथ ही पंचायतों के विगत तिमाही के आय-व्यय का अनुमोदन किया जाएगा और विभिन्न योजनाओं के तहत स्वीकृत कार्यों, प्राप्त राशि, व्यय और प्रगति की जानकारी ग्रामवासियों के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी।
ग्रामसभा में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत आवास प्लस 2.0 सर्वेक्षण से प्राप्त सिस्टम जनरेटेड स्थायी प्रतीक्षा सूची (पीडब्ल्यूएल) का वाचन और अवलोकन किया जाएगा। पात्र हितग्राहियों की प्राथमिकता सूची तैयार कर दावा-आपत्ति आमंत्रित की जाएगी। ग्रामसभा से अनुमोदन मिलने के बाद सूची को नियमानुसार आवास सॉफ्ट पोर्टल में अपलोड किया जाएगा।
बैठक में जून 2026 से लागू विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन-ग्रामीण के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी चर्चा होगी। योजना की मार्गदर्शिका का वाचन कर इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए ग्रामीणों को जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा ग्राम पंचायतों में कर निर्धारण और कर संग्रहण प्रक्रिया को ऑनलाइन बनाने के लिए समर्थ पंचायत पोर्टल के उपयोग तथा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए संपत्ति कर अधिरोपण पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
ग्रामसभा में पंचायतों के वर्तमान पदाधिकारियों तथा उन अधिकारियों-कर्मचारियों के नामों का वाचन भी किया जाएगा, जिनसे पंचायतों का लेखा-जोखा प्राप्त होना शेष है या जिनके पास पंचायत की राशि लंबित है। साथ ही सड़कों पर आवारा और पालतू मवेशियों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के उपायों पर चर्चा होगी। ग्रामीणों को पशुओं को खुला छोड़ने से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक किया जाएगा तथा आवश्यकता पड़ने पर जुर्माना लगाने संबंधी प्रस्ताव पर भी विचार किया जाएगा।
बैठक में अविवादित नामांतरण और बंटवारा प्रकरणों की समीक्षा, पंचायत उन्नति सूचकांक (पीएआई) के परिणामों का प्रदर्शन तथा पंचायतों के प्रदर्शन में सुधार के लिए सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा। ग्राम पंचायत क्षेत्र के मुक्तिधामों की साफ-सफाई, रखरखाव और मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता की समीक्षा भी एजेंडे में शामिल रहेगी।
इसके अलावा जरूरतमंद व्यक्तियों को वितरित खाद्यान्न, लाभार्थियों की सूची, जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन से जुड़े लंबित और निराकृत मामलों की जानकारी ग्रामीणों को दी जाएगी। ग्राम पंचायत क्षेत्र की सभी स्थायी परिसंपत्तियों के ग्राम संपदा एप में पंजीयन की स्थिति की भी समीक्षा होगी।
ग्रामसभा में तालाबों, बाजारों, व्यावसायिक परिसरों और दुकानों के नीलामी एवं पट्टा संबंधी विषयों पर चर्चा की जाएगी। अनुसूचित क्षेत्रों की पंचायतों में छत्तीसगढ़ पेसा नियम 2022 के तहत भूमि अभिलेख और ब्याज दरों से संबंधित प्रावधानों की जानकारी भी साझा की जाएगी।
स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता से जुड़े विषयों को भी ग्रामसभा में प्रमुखता दी जाएगी। टीबी मुक्त भारत अभियान, बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान और बाल विवाह रोकथाम को लेकर विशेष चर्चा होगी। ग्रामीणों को जागरूक करने और सामुदायिक भागीदारी बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाने पर भी विचार किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने सभी ग्रामीणों से ग्रामसभा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर पंचायत विकास और जनकल्याण से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णयों में भागीदारी निभाने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

