home page

राज्यपाल ने अधिकारियों संग की समीक्षा बैठक, जल संरक्षण और जनकल्याण पर जोर

 | 
राज्यपाल ने अधिकारियों संग की समीक्षा बैठक, जल संरक्षण और जनकल्याण पर जोर


धमतरी, 03 मई (हि.स.)। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में रविवार को आयोजित बैठक में राज्यपाल रमेन डेका ने जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों के साथ सामान्य परिचर्चा करते हुए विभिन्न विकासात्मक और जनकल्याणकारी विषयों की समीक्षा की। बैठक में जल संरक्षण, स्वच्छता, नशा मुक्ति, रेडक्रॉस गतिविधियां और नवाचारों जैसे मुद्दों पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक के दौरान कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने जिले में संचालित योजनाओं और पहलों की जानकारी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से दी। उन्होंने जल जीवन मिशन, जल संरक्षण के उपाय, कृषि में आधुनिक तकनीकों और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के उपयोग, पर्यटन विकास और अन्य नवाचारों पर विस्तार से जानकारी साझा की। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने नशा मुक्ति अभियान के तहत की गई कार्रवाई और उसके परिणामों की जानकारी दी।

राज्यपाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ धान उत्पादन के लिए जाना जाता है, लेकिन यह अधिक पानी वाली फसल है, इसलिए जल संरक्षण बेहद जरूरी है। उन्होंने चेताया कि भविष्य में जल संकट गंभीर हो सकता है, इसलिए अभी से प्रभावी कदम उठाने होंगे। कम पानी में होने वाली फसलों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी उन्होंने जोर दिया। एक पेड़ माँ के नाम अभियान को जनआंदोलन बनाने की अपील करते हुए राज्यपाल ने परिसर में पौधारोपण किया और सभी अधिकारियों से पौधे लगाने के साथ उसकी देखभाल सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में खाली भूमि पर अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य के मुद्दे पर सिकल सेल बीमारी और मेडिकल कॉलेज रेफर मरीजों की जानकारी लेते हुए उन्होंने 40 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की सलाह दी।

राज्यपाल ने जिले में एलोरा फसल की खेती की सराहना करते हुए खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में संभावनाओं पर बल दिया। उन्होंने रेडक्रॉस से जुड़कर सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। जनमन कार्यक्रम के तहत कमार जनजाति के जीवन स्तर में सुधार पर चर्चा करते हुए उन्होंने उनकी पारंपरिक संस्कृति को संरक्षित रखते हुए स्वच्छता और बेहतर जीवन सुविधाओं से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से व्यक्तिगत स्तर पर भी समाजहित में सकारात्मक कार्य करने की अपील की। बैठक के अंत में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने राज्यपाल को स्मृति चिन्ह भेंट किया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा