home page

बलरामपुर : दो एकड़ शासकीय भूमि अतिक्रमण से मुक्त, छठ घाट और धार्मिक आयोजनों के लिए फिर सुरक्षित हुआ स्थल

 | 
बलरामपुर : दो एकड़ शासकीय भूमि अतिक्रमण से मुक्त, छठ घाट और धार्मिक आयोजनों के लिए फिर सुरक्षित हुआ स्थल


बलरामपुर, 13 जुलाई (हि.स.)। जिले में शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने का अभियान लगातार जारी है। आज सोमवार कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में बलरामपुर तहसील के ग्राम पुत्सुरा में लगभग दो एकड़ शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। इस भूमि का उपयोग वर्षों से ग्रामीण छठ पूजा, धार्मिक अनुष्ठानों और अन्य सामुदायिक आयोजनों के लिए करते रहे हैं।

अनुविभागीय अधिकारी अभिषेक गुप्ता के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने ग्राम के जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ नागरिकों और ग्रामीणों की मौजूदगी में कार्रवाई कर भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया।

भूमि खाली होने के बाद अब यह स्थल फिर से छठ पूजा, धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए सुरक्षित हो गया है। कार्रवाई के बाद ग्रामीणों ने संतोष जताते हुए जिला प्रशासन के प्रयास की सराहना की। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

जिला प्रशासन ने कहा है कि सार्वजनिक उपयोग की शासकीय भूमि, जल स्रोतों और सामुदायिक परिसंपत्तियों का संरक्षण उसकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। ऐसे स्थलों को अतिक्रमण से मुक्त कराने और आमजन के हितों की रक्षा के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय