home page

श्री अग्रसेन गौ धाम कनबेरी में 17 नवंबर को मनाया जाएगा गोपाष्टमी पर्व, उपमुख्यमंत्री अरुण साव होंगे मुख्य अतिथि

 | 
श्री अग्रसेन गौ धाम कनबेरी में 17 नवंबर को मनाया जाएगा गोपाष्टमी पर्व, उपमुख्यमंत्री अरुण साव होंगे मुख्य अतिथि


सुबह होगी विशेष गौ पूजन, दोपहर में स्टेच कार्यक्रम व विशाल भंडारा, सर्व समाज को सपरिवार आने का निमंत्रण

कोरबा, 15 नवंबर (हि. स.)। अग्रसेन गौ धाम कनबेरी में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मंगलवार 17 नवंबर को गोपाष्टमी का पावन पर्व अत्यंत भव्य और धूमधाम से मनाया जाएगा। अग्रसेन गौ धाम सेवा समिति द्वारा इस अवसर पर पूरे कोरबा के सर्व समाज के लिए गौ माता की विशेष पूजा-अर्चना और विशाल भंडारे का आयोजन किया जा रहा है।

कोरबा प्रेस क्लब के तिलक भवन में रविवार को आयोजित पत्रकारवार्ता में अग्रवाल सभा व अग्रसेन गौ धाम के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा साझा करते हुए क्षेत्र की समस्त जनता से सपरिवार उपस्थित होकर पूजा-अर्चना में शामिल होने व भोग-भंडारा ग्रहण करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनके साथ कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, कोरबा महापौर संजू देवी राजपूत और भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अग्रवाल सभा कोरबा के अध्यक्ष बजरंग अग्रवाल करेंगे।

पत्रकारवार्ता के दौरान माता माधवी देवी गौ सेवा समिति के पूर्व अध्यक्ष द्वय सुनील जैन (टोनी), अग्रवाल महासभा के अध्यक्ष बजरंग अग्रवाल, अग्रसेन गोधाम सेवा समिति के अध्यक्ष जयंत अग्रवाल, सचिव राधेश्याम अग्रवाल (पिंटू), माता माधवी देवी गौ सेवा समिति के कोषाध्यक्ष घनश्याम अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेश अग्रवाल, कोषाध्यक्ष देवाशीष केडिया उपस्थित रहे।

छत्तीसगढ़ का अनूठा गोधाम, जहां केवल असहाय गोवंश की सेवा

माता माधवी देवी गौ सेवा समिति के पूर्व अध्यक्ष सुनील जैन (टोनी) ने बताया कि गौ धाम में गौ गोपाल मंदिर है जो पूरे छत्तीसगढ़ में एकमात्र ऐसा विशेष मंदिर और सेवा केंद्र है, जहां वर्तमान में 800 से 900 गाय आश्रित हैं। इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहाँ एक भी दूध देने वाली गाय नहीं रखी जाती, बल्कि केवल निर्धन, बेसहारा, बीमार और दुर्घटनाग्रस्त गोवंश का ही पालन-पोषण और उपचार किया जाता है। गोधाम परिसर में स्थापित भव्य 'गौ गोपाल मंदिर' के दर्शन का लाभ भी श्रद्धालुओं को मिलेगा।

गौ-सेवा और तुलादान की विशेष व्यवस्था

श्री अग्रसेन गौ सेवा समिति के अध्यक्ष जयंत अग्रवाल ने बताया कि समिति ने आमजन की सुविधा के लिए पूरे वर्ष गौ-सेवा और तुलादान की पारदर्शी व्यवस्था तय की है, जिसके तहत कोई भी श्रद्धालु 11,000 रुपये की सहयोग राशि देकर अपने नाम से पूरे एक वर्ष तक एक गौ माता की सेवा का संकल्प ले सकता है। गौ धाम में गुड़, हरा चारा और पशु आहार मिलाकर तुलादान की सुविधा उपलब्ध है। बड़ों के लिए 2,100 रुपये और 12 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए 1,100 रुपये का शुल्क निर्धारित है। वहीं, मात्र 251 रुपये में हरे चारे की सवामणी कराई जा सकती है। इसके अलावा आम नागरिक अपने जन्मदिन, वैवाहिक वर्षगांठ या अन्य पारिवारिक अवसरों पर गौ धाम में शुद्ध भोजन और नाश्ते का आयोजन कर सकते हैं।

गौ धाम पहुंच मार्ग का 75 फीसदी काम पूरा

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि कनबेरी स्थिति गौ धाम कटघोरा विधानसभा क्षेत्र में स्थित है, इसलिए कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल की विधायक निधि से स्वीकृत 40 लाख रुपये की लागत वाले सीसी रोड का लगभग 70 से 75 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। शेष कार्य भी गोपाष्टमी पर्व के मद्देनजर जल्द पूरा कर लिया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में कोई असुविधा नहीं होगी।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी