home page

सुशासन तिहार:हसदा शिविर में 479 आवेदन प्राप्त, 437 मामलों का मौके पर समाधान

 | 
सुशासन तिहार:हसदा शिविर में 479 आवेदन प्राप्त, 437 मामलों का मौके पर समाधान


सुशासन तिहार:हसदा शिविर में 479 आवेदन प्राप्त, 437 मामलों का मौके पर समाधान


समाधान शिविर में समस्याओं का हो रहा निराकरण

ट्राइसाइकिल, राशन कार्ड, पेंशन और स्वास्थ्य सेवाओं का मिला लाभ

धमतरी, 08 मई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार संचालित सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत विकासखंड मगरलोड के ग्राम पंचायत हसदा में शुक्रवार काे समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करते हुए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हितग्राहियों को प्रदान किया गया।

शिविर में ग्राम पंचायत हसदा, खिसोरा, धौराभाठा, कुम्हड़ानवागांव, मोतिमपुर, डुमरपाली, कपालफोड़ी, गाड़ाडीह, शुक्लाभाठा, भोथीडीह, रांकाडीह एवं अमलीडीह सहित आसपास के गांवों के ग्रामीण शामिल हुए। शिविर में कुल 479 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 475 मांग संबंधी और 4 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल थे। इनमें से 436 मांग और 1 शिकायत सहित कुल 437 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। समाधान शिविर में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत गजेंद्र सिंह ठाकुर, उप संचालक पंचायत नकुल वर्मा, जनपद पंचायत मगरलोड अध्यक्ष विरेंद्र कुमार साहू, कृषि सभापति रोजेश कुमार साहू, जिला पंचायत सदस्य मीना साहू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी देते हुए प्राप्त आवेदनों के निराकरण की स्थिति से अवगत कराया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को सामग्री एवं प्रमाण पत्रों का वितरण भी किया गया। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की ओर से सात हितग्राहियों को नवीन राशन कार्ड दिए गए। समाज कल्याण विभाग ने दो दिव्यांग हितग्राहियों को ट्राइसाइकिल तथा छह लोगों को पेंशन स्वीकृति आदेश प्रदान किए। वहीं श्रम विभाग द्वारा चार हितग्राहियों को श्रम पंजीयन कार्ड वितरित किए गए। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा 55 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें सिकल सेल, ब्लड प्रेशर, शुगर और सामान्य बीमारियों की जांच शामिल रही। साथ ही 10 हितग्राहियों को आयुष्मान एवं वंदन कार्ड वितरित किए गए। शिविर में छह लोगों के आयुष्मान वेलनेस कार्ड बनाए गए, जबकि नौ लोगों के आधार अपडेट और दो नए आधार कार्ड भी तैयार किए गए।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा