गीदम पुलिस ने स्कूली बसों व वाहनों की जांच, दिए निर्देश
दंतेवाड़ा, 03 अगस्त (हि.स.)। गीदम थाना पुलिस ने सोमवार को वाहन सुरक्षा एवं जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के तहत स्कूल बसों और सार्वजनिक परिवहन वाहनों का निरीक्षण कर चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र खूंटे और राम कुमार बर्मन के मार्गदर्शन में चलाए गए अभियान के दौरान केंद्रीय विद्यालय चिंतलका और स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, जावंगा की स्कूल बसों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान बसों में उपलब्ध सुरक्षा सुविधाओं, वाहन दस्तावेजों और संचालन संबंधी मानकों की जांच की गई। बस चालकों को निर्धारित वर्दी में ड्यूटी करने, सुरक्षित गति से वाहन चलाने और सभी यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रत्येक स्कूल बस में बच्चों की सुरक्षा के लिए सह-चालक (हमराह) की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
पुलिस ने सह-चालकों को भी बच्चों के बस में चढऩे और उतरने के दौरान पूरी सतर्कता बरतने तथा उनकी सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा थाना गीदम क्षेत्र में संचालित ऑटो, कमांडर और बोलेरो जैसे सार्वजनिक यात्री वाहनों की भी जांच की गई। वाहन चालकों को निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी नहीं बैठाने, यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने और सभी यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई। निरीक्षण के दौरान वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की भी जांच की गई। दंतेवाड़ा पुलिस ने कहा कि स्कूली बच्चों और आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस तरह के निरीक्षण और जागरूकता अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

