home page

गायत्री परिवार का समाज निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान : कलेक्टर अविनाश मिश्रा

 | 
गायत्री परिवार का समाज निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान : कलेक्टर अविनाश मिश्रा


गायत्री परिवार का समाज निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान : कलेक्टर अविनाश मिश्रा


धमतरी, 11 जून (हि.स.)।अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के मार्गदर्शन में संचालित नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत गायत्री परिवार धमतरी द्वारा ग्राम भटगांव में आयोजित सात दिवसीय नशा मुक्ति जनजागरण अभियान का गुरूवार को समापन हुआ।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि कलेक्टर अविनाश मिश्रा, विशिष्ट अतिथि वर्षा रानी चिकनजुरी, प्रमुख प्रबंध ट्रस्टी खिलेश्वरी किरण तथा सरपंच फागू राम साहू उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने गायत्री परिवार द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान की सराहना करते हुए कहा कि गायत्री परिवार एक संगठित और समाजोन्मुखी संस्था है, जिसका कार्य समाज निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

उन्होंने बस्तर क्षेत्र के कुछ गांवों का उदाहरण देते हुए बताया कि गायत्री परिवार के सतत प्रयासों से वहां के गांव पूरी तरह नशामुक्त बनने में सफल हुए हैं। इस अवसर पर खिलेश्वरी किरण ने कहा कि युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य ने मनुष्य में देवत्व के उदय और धरती पर स्वर्ग के अवतरण के उद्देश्य से गायत्री परिवार की स्थापना की तथा 3200 से अधिक साहित्य की रचना कर विचार क्रांति अभियान का सूत्रपात किया। उन्होंने कहा कि गांवों के साथ-साथ विद्यार्थियों को भी नशे से दूर रखने के लिए विद्यालयों में यह जागरूकता अभियान निरंतर जारी रहेगा।

सरपंच फागू राम साहू ने ग्राम में संचालित शराब दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग रखी। अभियान के दौरान जनसंपर्क, प्रभात फेरी, प्रोजेक्टर शो, यज्ञ तथा विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया। कार्यक्रम का संचालन दिलीप नाग ने तथा आभार प्रदर्शन शेखन साहू ने किया।

आयोजन को सफल बनाने में हिमांशु साहू, राजकुमार साहू, शेखन साहू, कौशल साहू, गोविंद मीनपाल, हेमसिंह कंवर, उगेश बंसोर, चेतन साहू, डॉ. रामचंद्र मेश्राम, हरीश सिन्हा, चंद्रहास बांडे, जगदीश राव, नानक राम साहू, फूलजी, मोहन गंजीर, मकसूदन मेश्राम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम में जिला समन्वयक दिलीप नाग ने उपस्थित ग्रामीणों और परिजनों को नशा नहीं करने का सामूहिक संकल्प दिलाया। कार्यक्रम से पूर्व राजिम (जिला गरियाबंद) के नशा मुक्ति दल द्वारा गांव में रैली, प्रेरक गीत, नारे, बैनर-पोस्टर, नुक्कड़ नाटक एवं जीवंत झांकियों के माध्यम से प्रभावशाली संदेश दिया गया, जिसने ग्रामीणों को गहराई से प्रभावित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा