निर्माणाधीन मकान में उगा रखा था गांजे का पौधा, पुलिस ने आरोपित को किया गिरफ्तार
सूरजपुर, 27 अगस्त (हि.स.)। जिले के नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चौकी बसदेई पुलिस ने ग्राम जूर साहूपारा में कार्रवाई करते हुए गांजे के पौधे बरामद किए हैं। पुलिस ने एक निर्माणाधीन मकान के कमरे से 10-10 फीट ऊंचे गांजे के दो पौधे जड़ सहित बरामद कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। आज गुरुवार को पुलिस ने आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत चौकी बसदेई पुलिस को 26 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम जूर साहूपारा निवासी रविशंकर साहू के निर्माणाधीन मकान में गांजे के पौधे उगाए गए हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माणाधीन मकान के कमरे की तलाशी ली। इस दौरान वहां अवैध रूप से उगाए गए गांजे के दो पौधे मिले। पुलिस ने दोनों पौधों को करीब 10-10 फीट ऊंचाई का बताते हुए जड़ सहित उखड़वाकर बरामद किया।
पुलिस ने गांजे के दोनों पौधों को जब्त कर ग्राम जूर साहूपारा निवासी रविशंकर साहू पिता रामकेश्वर साहू, उम्र 24 वर्ष, को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ धारा 20(ए) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने बताया कि नशे के खिलाफ अभियान के तहत जिले में लगातार कार्रवाई की जा रही है। अवैध रूप से गांजा और अन्य मादक पदार्थों की बिक्री, परिवहन तथा खेती करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी बसदेई योगेंद्र जायसवाल एवं उनकी टीम की सक्रिय भूमिका रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

