home page

बलरामपुर : कोटराही जंगल में युवती से सामूहिक दुष्कर्म, तीन आराेपित पुलिस हिरासत में

 | 
बलरामपुर : कोटराही जंगल में युवती से सामूहिक दुष्कर्म, तीन आराेपित पुलिस हिरासत में


बलरामपुर, 15 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के वाड्रफनगर चौकी क्षेत्र अंतर्गत कोटराही जंगल में एक 19 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बसंतपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती रविवार दोपहर अपने फुफेरे भाई के साथ पैदल एक रिश्तेदार के घर जा रही थी। दोनों कोटराही जंगल के रास्ते से गुजर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया और धमकाते हुए जंगल के भीतर ले गए।

आरोप है कि युवकों ने पहले युवती के भाई को बंधक बना दिया और उसके हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद दोनों आरोपितों ने युवती के साथ दुष्कर्म किया। घटना के दौरान आरोपितों ने अपने एक अन्य साथी को भी मौके पर बुला लिया। बताया जा रहा है कि तीसरे युवक ने भी युवती के साथ दुष्कर्म किया।

वारदात के बाद तीनों आरोपित मौके से फरार हो गए। किसी तरह युवती और उसका भाई वहां से निकले और वाड्रफनगर पहुंचकर घटना की जानकारी पुलिस को दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपितों की तलाश शुरू की।

वाड्रफनगर चौकी प्रभारी डाकेश्वर सिंह ने आज साेमवार काे बताया कि मामले में तीन युवकों को हिरासत में लिया गया है। सभी आरोपित कोटराही गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने युवती और आरोपितों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय