home page

गगन कुंभकार ने 69 वां रक्तदान कर किडनी मरीज को दी नई उम्मीद

 | 
गगन कुंभकार ने 69 वां रक्तदान कर किडनी मरीज को दी नई उम्मीद


धमतरी, 18 मार्च (हि.स.)। समाज में अक्सर देखा जाता है कि पद और प्रतिष्ठा मिलने पर लोग अपनी खुशी का इजहार पटाखे फोड़कर, मिठाई बांटकर या भव्य आयोजन कर करते हैं। लेकिन धमतरी के गगन कुंभकार ने इस परंपरा से अलग हटकर मानवता की अनूठी मिसाल पेश की है।

छत्तीसगढ़ कुंभकार समाज के नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष बनाए जाने की खुशी गगन कुंभकार ने धमतरी जिला अस्पताल में भर्ती एक किडनी मरीज को रक्तदान कर व्यक्त की। उन्होंने महिला वार्ड में भर्ती मरीज ओरी बाई महंत को अपना 69 वां रक्तदान कर नई जिंदगी की उम्मीद दी।

जानकारी के अनुसार, ओरी बाई महंत, जो ग्राम जामपाली जिला सक्ती की निवासी हैं, किडनी के उपचार के लिए अपने पुत्र हरिदास महंत के साथ जिला अस्पताल धमतरी में भर्ती थीं। उपचार के दौरान उन्हें तत्काल ए पॉजिटिव रक्त की आवश्यकता पड़ी। ऐसे में उनके पुत्र ने ब्लड बैंक के रजिस्टर से संपर्क कर गगन कुंभकार को फोन किया। फोन मिलते ही गगन कुंभकार बिना देर किए मंगलवार की देर शाम अस्पताल पहुंचे और रक्तदान कर मरीज की मदद की। उनके इस कदम ने न केवल एक जरूरतमंद की जान बचाने में सहयोग किया, बल्कि समाज को यह संदेश भी दिया कि सच्ची खुशी दूसरों की मदद करने में ही है। गगन कुंभकार का यह 69वां रक्तदान है, जो उनके समाजसेवी स्वभाव और मानवता के प्रति समर्पण को दर्शाता है। उनके इस कार्य की हर ओर सराहना हो रही है और यह कदम निश्चित ही युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा