भूस्खलन से हुए नुकसान की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी : केदार कश्यप
जगदलपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। बैलाडीला में किरंदुल के डिपॉजिट-14 में हुए भीषण भूस्खलन के बाद वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि भूस्खलन से जंगलों, पेड़-पौधों और वन्यजीवों को हुए नुकसान का विस्तृत अध्ययन कराया जाएगा । उन्हाेने कहा कि लगभग 50 सेक्टर क्षेत्र में पूरा मलबा बहने की जानकारी मिलने के बाद संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित वन क्षेत्र का बारीकी से आकलन किया जाए और यह पता लगाया जाए कि इस घटना से प्राकृतिक संपदा को कितनी क्षति पहुंची है। मंत्री ने कहा है कि अध्ययन रिपोर्ट सामने आने के बाद उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि किरंदुल के डिपॉजिट-14 में हुए भूस्खलन का मलबा वन विभाग के फॉरेस्ट कंपार्टमेंट नंबर 673 के आरक्षित वन क्षेत्र तक पहुंचा है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक करीब ढाई से तीन किलोमीटर के दायरे में मलबा फैलने की बात सामने आई है। घटना के बाद वन विभाग ने संबंधित एजेंसी एनएमडीसी के खिलाफ वन अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब विभागीय जांच में यह भी स्पष्ट होगा कि आरक्षित वन क्षेत्र को कितना नुकसान पहुंचा और इसके लिए जिम्मेदारी किसकी बनती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

