मरकाटोला जलाशय के कार्यों के लिए 3.81 करोड़ रूपये स्वीकृत
रायपुर, 24 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ शासन जल संसाधन विभाग द्वारा कांकेर जिले के विकासखण्ड-चारामा के मरकाटोला जलाशय के जीर्णोद्धार एवं नहर लाईनिंग कार्य के लिए 3 करोड़ 81 लाख 20 हजार रूपये स्वीकृत किए गए है।
योजना के कार्य पूरा हो जाने पर क्षेत्रीय किसानों को कुल 265 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा मिलेगी। योजना के कार्यो को कराने के लिए मुख्य अभियंता गोदावरी कछार जल संसाधन विभाग जलदलपुर को प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है।
इस मरम्मत और जीर्णोद्धार कार्य के लिए बड़ेगौरी और मरकाटोला दोनों स्थानों पर काम किया जा रहा है. जल संसाधन विभाग द्वारा इस परियोजना के अंतर्गत तालाबों के सुधार के साथ-साथ लगभग 2 किलोमीटर लंबी लाइनिंग (नहर पक्कीकरण) का कार्य भी किया जाएगा।
विभाग के अनुसार इस पूरे निर्माण और मरम्मत कार्य को लगभग एक वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। जलाशय का जीर्णोद्धार होने से आसपास के खेतों को सिंचाई के लिए पर्याप्त और नियमित पानी मिल सकेगा। इस परियोजना के पूरे होने से चारामा ब्लॉक के 500 से अधिक किसानों को सीधा फायदा पहुंचेगा। पानी की अच्छी उपलब्धता होने के कारण किसान साल में दो फसलें (खरीफ और रबी) आसानी से ले सकेंगे, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति और आय में सुधार होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

