कच्ची झोपड़ी से पक्के आशियाने तक पहुंचा दया राम का परिवार, PM आवास योजना से बदली जिंदगी
जांजगीर-चांपा, 7 अक्टूबर (हि. स.)। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) जरूरतमंद परिवारों के लिए सिर्फ पक्का मकान देने की योजना नहीं, बल्कि सुरक्षित, स्वच्छ और सम्मानजनक जीवन की नई शुरुआत का माध्यम बन रही है। जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत सेमरा निवासी दया राम के परिवार की कहानी इसका उदाहरण है।
दया राम पहले अपने परिवार के साथ कच्ची और जर्जर झोपड़ी में रहते थे। बारिश के दिनों में घर में पानी भर जाने से परिवार को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत आवास स्वीकृत होने के बाद परिवार की यह समस्या दूर हुई और उन्हें अपना पक्का घर मिल गया।
आवास निर्माण के लिए दया राम को 1.20 लाख रुपये की सहायता मिली। इसके अलावा रोजगार गारंटी योजना के तहत 23,490 रुपये मजदूरी और स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत शौचालय निर्माण के लिए 12,000 रुपये की सहायता प्रदान की गई। ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक और तकनीकी अमले के मार्गदर्शन में आवास का निर्माण पूरा हुआ।
पक्का घर मिलने के साथ ही परिवार को नल-जल योजना के माध्यम से पेयजल की सुविधा भी मिली। इससे पानी के लिए दूर जाने की परेशानी कम हुई और घर का वातावरण पहले से अधिक स्वच्छ एवं व्यवस्थित हुआ।
दया राम का कहना है कि पहले बारिश के दौरान घर में पानी भर जाता था, जिससे परिवार को काफी परेशानी होती थी। अब पक्का मकान मिलने से परिवार सुरक्षित महसूस करता है। उनके लिए यह घर सुरक्षा, सम्मान और खुशी का प्रतीक बन गया है।
सरकारी योजनाओं के समन्वित लाभ से दया राम के परिवार के जीवन में आया बदलाव ‘सेवा संकल्प अभियान’ की सार्थकता को दर्शाता है। यह कहानी बताती है कि योजनाओं का प्रभाव जब जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचता है, तो कच्ची झोपड़ी से पक्के आशियाने तक का सफर बेहतर भविष्य की उम्मीद में बदल जाता है।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

