विश्व रैबीज दिवस पर पालतू पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण, पशुपालकों को किया जागरूक
बलरामपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। विश्व रैबीज दिवस के अवसर पर आज सोमवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के विकासखंड स्तरीय पशु चिकित्सालयों में विशेष शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में पालतू कुत्तों और बिल्लियों का निःशुल्क रैबीज टीकाकरण किया गया। इसके साथ ही पशुओं को कृमिनाशक दवा पिलाई गई और निःशुल्क स्वास्थ्य कार्ड भी बनाए गए।
शिविरों में पशुपालक अपने पालतू पशुओं के साथ पहुंचे। पशु चिकित्सकों ने रैबीज से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए समय पर टीकाकरण को जरूरी बताया। पशुपालकों को नियमित टीकाकरण कराने, पशुओं की स्वच्छता और देखभाल पर ध्यान देने के साथ पशु के काटने की स्थिति में तत्काल उपचार कराने के लिए जागरूक किया गया।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस पहल का उद्देश्य पशुधन के स्वास्थ्य की सुरक्षा के साथ लोगों को रैबीज के खतरे से बचाव के प्रति जागरूक करना है। शिविरों के माध्यम से पशुपालकों को पालतू पशुओं के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और टीकाकरण के महत्व की जानकारी भी दी गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

