home page

कोरबा पूर्व ताप विद्युत गृह की पहल, बेंदरकोना में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन

 | 
कोरबा पूर्व ताप विद्युत गृह की पहल, बेंदरकोना में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन


कोरबा, 19 नवंबर (हि. स.)। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ताप विद्युत गृह, कोरबा पूर्व संयंत्र की ओर से सामाजिक सरोकार के तहत ग्राम बेंदरकोना में निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। 19 नवंबर 2026 को ग्राम पंचायत भवन में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराई और निशुल्क दवाइयों का लाभ लिया।

संयंत्र के मुख्य अभियंता (उत्पादन) संजीव कंसल के निर्देशानुसार आयोजित शिविर का शुभारंभ अधीक्षण अभियंता (मुख्यालय, ऐश मॉनीटरिंग) एन.एस. ठाकुर एवं कार्यपालन अभियंता रेणुका तिर्की की उपस्थिति में हुआ।

ग्रामीणों तक शिविर की जानकारी पहुंचाने के लिए ग्राम सरपंच के माध्यम से मुनादी कराई गई थी, ताकि अधिक से अधिक लोग स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठा सकें। शिविर में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों ने ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की तथा आवश्यकतानुसार निशुल्क दवाइयों का वितरण किया। इस दौरान ग्रामीणों ने गांव में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से भी अधिकारियों एवं स्वास्थ्य टीम को अवगत कराया।

शिविर में कोरबा पूर्व मुख्य चिकित्सालय की डॉ. प्रज्ञा चंद्रा, टेक्नीशियन संदीप सोना, फार्मासिस्ट राजकिशोर राजवाड़े, स्टाफ नर्स शालिनी केंवट, लैब टेक्नीशियन प्रतिभा राव, वार्ड आया एलिजा मसीह और वाहन चालक संदीप बरेठ का सराहनीय सहयोग रहा।

ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गांव में इस तरह के निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित होने से स्थानीय लोगों को जांच और दवाइयों की सुविधा आसानी से मिलती है।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी