निदान-03 शिविर में दिव्यांगजनों और बुजुर्गों को मिलीं निःशुल्क सुविधाएं
धमतरी, 11 अक्टूबर (हि.स.)। दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और वरिष्ठ नागरिकों के जीवन को सुगम बनाने के उद्देश्य से धमतरी के इंडोर स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय ‘निदान-03’ विशेष शिविर का रविवार को समापन हुआ।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला प्रशासन, समाज कल्याण विभाग एवं भगवान महावीर दिव्यांग सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क सहायक उपकरणों सहित विभिन्न शासकीय सुविधाओं का लाभ मिला। शिविर में हितग्राही अपने परिजनों के साथ पहुंचे और अपनी जरूरतों के अनुसार सुविधाएं प्राप्त कीं।
दिव्यांगजनों की जांच एवं आकलन के बाद उन्हें कृत्रिम अंग, कैलिपर्स, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र सहित अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए। वहीं, वरिष्ठ नागरिकों की आंखों और कानों की जांच कर आवश्यकतानुसार चश्मे एवं श्रवण संबंधी उपकरण प्रदान किए गए। इन सुविधाओं से बुजुर्गों की दृष्टि और सुनने की क्षमता से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने के साथ उनके दैनिक जीवन को अधिक सहज बनाने का प्रयास किया गया।
शिविर में सहायक उपकरणों के वितरण के अलावा दिव्यांगता प्रमाण पत्र, विशिष्ट दिव्यांगता पहचान पत्र (यूडीआईडी), बस पास और एम-आधार कार्ड जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं। इससे हितग्राहियों को विभिन्न सेवाओं के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली और एक ही स्थान पर आवश्यक सुविधाएं प्राप्त करने का अवसर मिला। ‘निदान-03’ शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों की आवश्यकताओं के अनुरूप सहायता उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर एवं सम्मानजनक जीवन जीने के लिए प्रोत्साहित करना है। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित यह पहल समाज के जरूरतमंद वर्गों को आवश्यक संसाधन, बेहतर जीवन सुविधाएं और समान अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हुई।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

