जांजगीर-चांपा में सरकारी योजना में फर्जीवाड़ा, पति और पंचायत सचिव पर एफआईआर दर्ज
जांजगीर-चांपा, 17 मार्च (हि. स.)। जांजगीर-चांपा जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र में सरकारी योजना का फर्जी लाभ लेने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामले की शिकायत जिला पंचायत उपाध्यक्ष गगन जयपुरिया ने 2 मार्च 2026 को पुलिस अधीक्षक और कलेक्टर कार्यालय में दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि बिर्रा निवासी स्वर्गीय सुमन बाई पटेल के नाम पर फर्जी पंजीकरण कर मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना का अनुचित लाभ लिया गया।
जांच के लिए अतिरिक्त कलेक्टर के नेतृत्व में टीम गठित की गई। जांच के दौरान दस्तावेजों, मृत्यु पंजी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और मितानिन के बयान लिए गए। जांच में यह पुष्टि हुई कि सुमन बाई पटेल की मृत्यु 2 जून 2025 को हो चुकी थी, इसके बावजूद संदिग्ध तरीके से योजना का लाभ लिया गया।
इस मामले में आज बिर्रा पुलिस ने मृतका के पति अशोक पटेल और ग्राम पंचायत बिर्रा के सचिव रोहित पटेल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है।पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आने पर उनके नाम भी जोड़े जा सकते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

