home page

फोरलेन और बाईपास परियोजनाओं से बदलेगी धमतरी की तस्वीर, सैकड़ों पेड़ों की कटाई शुरू

 | 
फोरलेन और बाईपास परियोजनाओं से बदलेगी धमतरी की तस्वीर, सैकड़ों पेड़ों की कटाई शुरू


-फुटकर विक्रेताओं की बढ़ी चिंता

शहर के चारों ओर बिछेगा सड़कों का जाल

धमतरी, 31 मई (हि.स.)। शहर और आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए स्टेट हाईवे मार्गों के चौड़ीकरण और नई बाईपास सड़कों के निर्माण की दिशा में काम तेज हो गया है। इसी क्रम में मिशन मैदान के आसपास फोरलेन सड़क निर्माण के लिए बाधा बन रहे बड़े-बड़े पेड़ों की कटाई शुरू कर दी गई। मशीनों की मदद से कई पेड़ों को हटाया गया, जिससे क्षेत्र में दिनभर गतिविधियां बनी रहीं।

जानकारी के अनुसार धमतरी शहर से जुड़े दो प्रमुख मार्ग मुजगहन रोड और सिहावा रोड—को फोरलेन बनाया जाना है। इसके लिए सिहावा रोड पर 760 तथा मुजगहन रोड पर 587 छोटे-बड़े पेड़ों की कटाई की जा रही है। रत्नाबांधा चौक से मुजगहन तक प्रस्तावित फोरलेन सड़क परियोजना की प्रक्रिया भी प्रारंभ हो चुकी है। प्रथम चरण में सड़क किनारे स्थित पेड़ों को हटाने का कार्य किया जा रहा है। कटाई के दौरान कई बार पेड़ों की शाखाएं सड़क पर गिरने से यातायात प्रभावित हुआ और राहगीरों को अस्थायी परेशानी का सामना करना पड़ा। आने वाले दिनों में यह कार्य और तेज गति से जारी रहेगा।

धमतरी में सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं पर एक साथ काम चल रहा है। रेलवे स्टेशन के पास मेहताब सिंह गैरेज से अटल चौक होते हुए संबलपुर तक लगभग साढ़े छह किलोमीटर लंबी बाईपास सड़क का निर्माण प्रस्तावित है। इस परियोजना का डीपीआर तैयार किया जा रहा है और भूमि अधिग्रहण का प्रस्ताव शासन को भेजा जा रहा है। इसके अलावा छाती से देवपुर तक नौ किलोमीटर लंबी बाईपास सड़क के निर्माण का टेंडर हो चुका है। लगभग 21 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह सड़क क्षेत्रीय यातायात को नई दिशा देगी। छाती से नहर रोड कोलियारी तक भी एक अन्य बाईपास मार्ग विकसित किया जाएगा।

इन परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद शहर के चारों ओर सड़क नेटवर्क मजबूत होगा और यातायात दबाव में कमी आएगी।

सड़क चौड़ीकरण से प्रभावित होंगे ठेले और फुटपाथ व्यवसाय:

फोरलेन सड़क निर्माण के चलते सड़क किनारे संचालित होने वाले ठेले, खोमचे और अस्थायी दुकानों पर भी असर पड़ने की संभावना है। मिशन मैदान के आसपास व्यवसाय करने वाले फुटकर विक्रेताओं का कहना है कि पेड़ों की कटाई शुरू होने से वे कई दिनों से दुकान नहीं लगा पा रहे हैं। विक्रेताओं का कहना है कि फुटपाथ पर लगने वाली छोटी दुकानों से ही उनके परिवार का भरण-पोषण होता है। सड़क चौड़ीकरण के बाद यदि उन्हें वैकल्पिक स्थान नहीं मिला तो आजीविका का संकट खड़ा हो सकता है। इस कारण फोरलेन परियोजना को लेकर उनमें चिंता बढ़ गई है।

महापौर रामू रोहरा ने रविवार काे बताया कि फोरलेन सड़क निर्माण के लिए आवश्यक स्थान उपलब्ध कराने हेतु सड़क किनारे के पेड़ हटाए जा रहे हैं। इसके बदले अन्य स्थानों पर नए पौधों का रोपण किया जाएगा। इसके लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा वन विभाग को राशि उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ीकरण और बाईपास मार्गों के निर्माण से शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, वाहनों की आवाजाही सुगम बनेगी और ट्रैफिक जाम जैसी समस्याओं से काफी हद तक राहत मिलेगी। धमतरी के विकास की दृष्टि से ये परियोजनाएं महत्वपूर्ण साबित होंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा