home page

स्कॉर्पियो और मोटरसाइकिल के बीच हुई भीषण टक्कर में चार की मौत, पुलिस जांच में जुटी

 | 

राजनांदगाँव, 02 सितंबर (हि.स.)। राजनांदगाँव जिले के छुरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भोलापुर और शिकारी महका मोड़ के पास बुधवार काे स्कॉर्पियो और मोटरसाइकिल के बीच हुई भीषण टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, हादसा इतना भीषण था कि मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों में से दाे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

वहीं, स्कॉर्पियो वाहन में सवार चार लोगों में से एक 60 वर्षीय बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनकी भी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस दुखद हादसे में कुल चार लोगों की जान चली गई है। पुलिस ने शवों को पंचनामा के पश्चात पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल