home page

चार भालुओं ने दो ग्रामीणों पर किया जानलेवा हमला

 | 
चार भालुओं ने दो ग्रामीणों पर किया जानलेवा हमला


दोनों गंभीर, घायल दिनेश नेगी को रायपुर किया गया रेफर

धमतरी, 17 सितंबर (हि.स.)। उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व क्षेत्र के अरसीकन्हार रेंज अंतर्गत ग्राम अर्जुनी के जंगल में गुरुवार को चार भालुओं ने जंगल गए दो ग्रामीणों पर अचानक हमला कर दिया। भालुओं के हमले में दोनों ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए।

ग्रामीणों की मदद से घायलों को तत्काल नगरी सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल दिनेश नेगी को बेहतर उपचार के लिए धमतरी जिला अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सकों ने उनकी हालत को देखते हुए रायपुर रेफर कर दिया। वहीं दूसरे घायल मदन नेताम का नगरी सिविल अस्पताल में उपचार जारी है। मिली जानकारी के अनुसार ग्राम ठेनही निवासी दिनेश नेगी, पुत्र आत्माराम नेगी और मदन नेताम, पुत्र पुनाराम नेताम गुरुवार को आवश्यक कार्य से अर्जुनी जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान जंगल में मौजूद चार भालुओं ने अचानक दोनों पर हमला कर दिया।

भालुओं ने दोनों ग्रामीणों को जमीन पर गिराकर उनके सिर और चेहरे पर हमला किया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। दिनेश नेगी को अपेक्षाकृत अधिक चोटें आने के कारण उनकी स्थिति गंभीर बताई गई और उन्हें उच्च उपचार केंद्र रायपुर रेफर किया गया। घटना की जानकारी मिलने पर ग्राम पंचायत ठेनही के पंच एवं स्थानीय ग्रामीण डीके यादव ने वन विभाग को सूचना दी। इसके बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को नगरी सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया। दिनेश की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें पहले धमतरी जिला अस्पताल भेजा गया, जहां से रायपुर रेफर किया गया। घटना के बाद अर्जुनी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार जंगल क्षेत्र में वन्यजीवों की मौजूदगी के कारण जंगल की ओर आने-जाने वालों के लिए खतरा बना रहता है।

वन विभाग ने दी विशेष सावधानी बरतने की सलाह

भालुओं के अचानक हमले से ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। घटना के बाद वन विभाग ने ग्रामीणों को जंगल क्षेत्र में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। साथ ही भालुओं की मौजूदगी वाले जंगल और आसपास के क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से प्रवेश नहीं करने तथा अकेले जंगल की ओर नहीं जाने की अपील की गई है। वन विभाग द्वारा क्षेत्र में वन्यजीवों की गतिविधियों पर नजर रखने और ग्रामीणों को सतर्क करने की बात कही गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा