जांजगीर-चांपा: गैंगरेप मामले में चारों आरोपियों को 20-20 साल की सजा, पीड़िता को मिला न्याय
जांजगीर-चांपा, 09 अप्रैल (हि. स.)। जिले में बहुचर्चित सामूहिक दुष्कर्म मामले में न्यायालय ने बड़ा फैसला सुनाते हुए चारों आरोपियों को 20-20 वर्ष के सश्रम कारावास और प्रत्येक को 50-50 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। इस मामले में पुलिस की सशक्त और त्वरित विवेचना के चलते पीड़िता को न्याय मिल सका।
घटना 18 मई 2025 की है, जब थाना चांपा क्षेत्र में एक युवती के साथ चार आरोपियों ने सामूहिक दुष्कर्म किया था। जानकारी के अनुसार, आरोपी पहले से पीड़िता के परिचित थे और घटना वाले दिन उसके घर पहुंचे थे। उन्होंने परिवार के साथ भोजन भी किया। देर रात जब युवती के पिता सो गए, तब आरोपियों ने उसे जबरन दूसरे कमरे में ले जाकर बारी-बारी से दुष्कर्म किया और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना पीड़िता की मां ने थाना चांपा में दी, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए निरीक्षक जय प्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सघन जांच की। घटनास्थल का फोरेंसिक विशेषज्ञों से निरीक्षण कराया गया और महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए गए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में आरोपियों की मौजूदगी सामने आई। साथ ही साइबर सेल की मदद से मोबाइल टावर लोकेशन प्राप्त कर यह पुष्टि की गई कि घटना के समय सभी आरोपी मौके पर मौजूद थे।
घटना के बाद आरोपी नेपाल भागने की फिराक में थे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए कोरबा जिले के करतला क्षेत्र के घने जंगलों में घेराबंदी कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में मनोज कुमार पटेल, नरेंद्र कुमार पटेल, रामकुमार पटेल निवासी कोरबा तथा धरम चौहान निवासी नागरदा जिला सक्ती शामिल हैं।
पुलिस ने विवेचना पूर्ण कर चारों आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में चार्जशीट प्रस्तुत की। फास्ट ट्रैक कोर्ट ने मामले की शीघ्र सुनवाई करते हुए साक्ष्यों के आधार पर आज सभी आरोपियों को दोषी ठहराया और कठोर सजा सुनाई।
जिले के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर इस मामले में कड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्यवाही से न केवल पीड़िता को न्याय मिला, बल्कि आम लोगों में पुलिस और न्याय व्यवस्था के प्रति विश्वास भी मजबूत हुआ।
इस कार्रवाई में निरीक्षक जय प्रकाश गुप्ता (तत्कालीन थाना प्रभारी चांपा), सहायक उप निरीक्षक अरुण कुमार सिंह, मुकेश कुमार पांडेय, प्रधान आरक्षक वीरेंद्र कुमार टंडन सहित आरक्षक भूपेंद्र गोस्वामी, माखन साहू, अर्जुन यादव और हजारी लाल मेरसा का विशेष योगदान रहा।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

