home page

धमतरी में सुखसागर वृद्धजन सदन का हुआ शिलान्यास

 | 
धमतरी में सुखसागर वृद्धजन सदन का हुआ शिलान्यास


धमतरी, 25 अप्रैल (हि.स.)।समाजसेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए सुखसागर वृद्धजन सदन का शिलान्यास हुआ। समाजसेवी रितुराज पवार की पहल पर शुरू हो रहे इस वृद्धाश्रम का उद्देश्य जरूरतमंद, बेसहारा और असहाय बुजुर्गों को सुरक्षित आश्रय और बेहतर जीवन उपलब्ध कराना है।

पिछले दिनों शिलान्यास कार्यक्रम आचार्य पं. श्रीहित आकाश महाराज वृन्दावन के सानिध्य में विधि-विधान के साथ हुआ। जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और नागरिक उपस्थित हुए। सुखसागर वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के लिए रहने की सुविधा के साथ-साथ पौष्टिक भोजन, स्वास्थ्य सेवाएं और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे वे अपने जीवन का शेष समय सुकून और गरिमा के साथ बिता सकें। इस पहल को क्षेत्र में मानवता, सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का एक प्रेरणादायक उदाहरण माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी इस कार्य की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए एक बड़ी सौगात बताया है। वृद्धा सदन के भूमि पूजन में पहुंचे श्रीहित आकाश महाराज ने बताया रितुराज फाउंडेशन की ओर से समाज के कल्याण के लिए सुंदर व पुण्य कार्य होते रहे हैं और सुखसागर वृद्धा सदन को लेकर रितुराज फाउंडेशन ने बीड़ा उठाया है।

भूमि पूजन में पहुंचे शहर के नागरिक समाजसेवी युवा नेता सहित अन्य लोगों ने बताया सुखसागर वृद्धा सदन लोगों के लिए वरदान साबित होगा, सभी माता-पिता के लिए इतनी बड़ी भवन बना रहे हैं, जिसके लिए बहुत खुशी है।रितुराज फाउंडेशन के अध्यक्ष रितुराज पवार व वरिष्ठ माधवराव पवार ने बताया ऐसे वृद्धजन जिनके आगे पीछे कोई नहीं है, उनके निवास के लिए और अच्छी सुविधा मिले, किसी प्रकार की तकलीफ न हो, मेडिकल सेवा, भोजन व्यवस्था और अन्य दृष्टिकोण से देखते हुए भाव आया कि आज के युग में वृद्ध आश्रम का निर्माण किया जाए, लेकिन ऐसा कभी नहीं चाहते जीवन वृद्धाओं को उनके बच्चे कभी अलग मत करें, ऐसी स्थिति भगवान कभी न दें, वह बहुत दुखदाई घड़ी है, जो अपने माता-पिता को बच्चे अलग कर देते हैं। आगे कहा कि आप वृद्धा सदन अच्छे भाव से स्थापना कर रहे हैं, लेकिन माता-पिता को कभी बच्चे अलग न करें। इस वृद्धा सदन में बहुत अच्छी सेवा देने का प्रयास करेंगे और इसके साथ समाजजन भी हाथ में हाथ मिला कर सहयोग दे रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा