home page

छात्रावास सर्पदंश मामले में मृत छात्राओं के परिजनों से मिले पूर्व विधायक अनूप नाग

 | 
छात्रावास सर्पदंश मामले में मृत छात्राओं के परिजनों से मिले पूर्व विधायक अनूप नाग


कांकेर, 17 अगस्त (हि.स.)। महाराष्ट्र के धनोरा इलाके के एक छात्रावास में सर्पदंश से तीन छात्रों की मौत हो गई। छात्रों की मौत के बाद छात्रावास की बदहाल व्यवस्था और विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। मृत तीन छात्रों में दो छात्र पखांजूर क्षेत्र के रहने वाले थे। घटना के बाद आज साेमवार काे पूर्व विधायक अनूप नाग पखांजूर क्षेत्र के जयराम नगर पहुंचे, जहां उन्होंने मृत छात्रों के परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की और दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़े रहने की बात कही।

अंतागढ़ पूर्व विधायक अनूप नाग ने महाराष्ट्र सरकार पर निशाना साधते हुए छात्रावास की बदहाल व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि, ऐसी गंभीर लापरवाही के लिए आखिर जिम्मेदार कौन है? अनूप नाग ने सरकार से छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों की सुरक्षा और बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

दरअसल, धनोरा तहसील के जपटलाई शासकीय कन्या छात्रावास में आधी रात जहरीला सांप घुस गया । सांप ने छात्रावास में सो रही 6 छात्राओं को काट लिया, जिसके बाद सभी को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान 3 छात्राओं की मौत हो गई, जबकि अन्य 3 छात्राओं का इलाज जारी है। छात्राएं छात्रावास में सो रही थीं। इसी दौरान जहरीला सांप परिसर के अंदर पहुंच गया और उसने सो रही छात्राओं को काट लिया। जबकि तीन अन्य छात्राओं का महाराष्ट्र के गढ़चिरौली अस्पताल में इलाज जारी है। घटना के बाद प्रशासनिक स्तर पर भी मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। छात्रावास में सांप कैसे पहुंचा और घटना के बाद सुरक्षा को लेकर क्या कदम उठाए गए, इसे लेकर भी जानकारी सामने आने का इंतजार है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे