home page

सुशासन तिहार शिविर में वन विभाग ने 99,500 पौधे बाटे, तेन्दुपत्ता संग्राहकों की बेटियों को किया सम्मानित

 | 
सुशासन तिहार शिविर में वन विभाग ने 99,500 पौधे बाटे, तेन्दुपत्ता संग्राहकों की बेटियों को किया सम्मानित


कोंडागांव, 27 मई (हि.स.)। जिले के ग्राम पंचायत माकड़ी में आज बुधवार काे आयोजित सुशासन तिहार के क्लस्टर क्रमांक-13 समाधान शिविर में वन-जलवायु परिवर्तन विभाग ने 43 किसानों को 99,500 क्लोनल नीलगिरी पौधे वितरित किए गए। वहीं तेंदूपत्ता संग्राहक परिवारों की मेधावी बेटियों को सम्मानित कर शिक्षा के लिए प्रोत्साहित किया गया।

शिविर में वन विभाग की ओर से संचालित किसान वृक्ष मित्र योजना के तहत वर्ष 2026-27 के लिए 43 पात्र किसानों को कुल 99,500 क्लोनल नीलगिरी पौधों का वितरण किया गया। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य किसानों को पारंपरिक खेती के साथ वृक्षारोपण के माध्यम से अतिरिक्त आय प्रदान करना है। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

मेधावी छात्र पुरस्कार योजना के अंतर्गत कक्षा 10वीं में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली मारागांव की कुमारी झरना नेताम और कक्षा 12वीं की भिरण्डा निवासी कुमारी लिलेश्वरी पोयाम को सम्मानित किया गया। जनप्रतिनिधियों ने दोनों छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर उनकी उपलब्धि की सराहना की। इसके अलावा शिक्षा प्रोत्साहन योजना के तहत 75 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाली चार छात्रा रामबती नेताम, निशा नेताम, प्रीति मरकाम और ममता नेताम को भी प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। विभाग ने बताया कि इस योजना के तहत कक्षा 10वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों को 15 हजार रुपए और कक्षा 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों को 25 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाती है।

कार्यक्रम में शिविर सहायक नोडल अधिकारी और माकड़ी वन परिक्षेत्र अधिकारी संजय कुमार वारे ने ग्रामीणों को 'एक पेड़ मां के नाम' और हरियाली प्रसार योजना की जानकारी दी। उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील करते हुए कहा कि आने वाले समय में वृक्षारोपण किसानों के लिए आय का एक बड़ा स्रोत बन सकता है। शिविर में तेंदूपत्ता संग्राहक परिवारों के बच्चों के लिए संचालित शिक्षा प्रोत्साहन योजनाओं की भी विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि छत्तीसगढ़ शासन वर्ष 2011-12 से यह योजना चला रहा है, जिसके तहत मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति और प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे