home page

सुरक्षाबलाें ने लकड़ी से निर्मित एक नक्सली स्मारक को किया ध्वस्त

 | 
सुरक्षाबलाें ने लकड़ी से निर्मित एक नक्सली स्मारक को किया ध्वस्त


नारायणपुर, 29 जुलाई (हि.स.)। जिले को नक्सलमुक्त घोषित किए जाने के बाद भी सुरक्षा बलों के जवान अब भी नक्सल प्रभावित रहे इलाकों में लगातार सर्चिंग कर रहे हैं। सर्च अभियान के तहत धनोरा थाना क्षेत्र के तोयापारा गांव में जवानों ने लकड़ी से निर्मित एक नक्सली स्मारक को ध्वस्त कर दिया है। नारायणपुर एसपी संदीप कुमार पटेल ने इसकी पुष्टि की है।

नारायणपुर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना धनोरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तोयापारा में छत्तीसगढ़ पुलिस एवं आईटीबीपी की 45वीं वाहिनी की संयुक्त टीम ने सर्च अभियान चलाया। अभियान के दौरान आज बुधवार काे सुरक्षा बलों ने क्षेत्र की गहन तलाशी ली और स्थानीय ग्रामीणों से भी संपर्क स्थापित किया। इसी दौरान सुरक्षा बलों को नक्सलियों द्वारा पूर्व में बनाया गया एक लकड़ी का स्मारक मिला। यह स्मारक नक्सलियों ने अपने प्रभाव और प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से बनाया था। नक्सली अपने मारे गए साथियों को श्रद्धांजलि देने के साथ ही ग्रामीणों के मन में डर पैदा करने का प्रयास करते रहे हैं।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नक्सल गतिविधियों से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना या सुरक्षा बलों को दें. पुलिस ने भरोसा दिया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे