home page

खाद्य कारोबारियों के लिए खाद्य पंजीयन शिविर 13 व 16 नवम्बर को

 | 

बलौदाबाजार, 11 नवम्बर (हि. स.)। खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा जिले के खाद्य कारोबारियों के लिए खाद्य पंजीयन, अनुज्ञप्ति एवं जन जागरुकता शिविर का आयोजन किया जा रहा है।

इन शिविरों में कारोबारियों को ऑनलाइन आवेदन एवं अन्य आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।शिविर का आयोजन 13 नवम्बर को साहू समाज धर्मशाला वार्ड क्रमांक 4 नगर पंचायत लवन एवं 16 नवम्बर को साहू समाज धर्मशाला कबीर दास वार्ड क्रमांक 6 नगर पंचायत कसडोल में सुबह 11 बजे से आयोजित की जायेगी।

अभिहित अधिकारी अक्षय कुमार सोनी ने बताया कि, खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत सभी खाद्य कारोबारकर्ताओं के लिए खाद्य पंजीयन अनुजप्ति लेना अनिवार्य है। वार्षिक टर्नओवर के अनुसार कारोबारकर्ता को खाद्य पंजीयन अथवा खाद्य अनुजप्ति प्राप्त करनी होती है।

खाद्य पंजीयन - जिन खाद्य कारोबारियों का वार्षिक टर्नओवर 1.5 करोड़ रुपये तक है। शुल्क 100 प्रति वर्ष है तथा अधिकतम 5 वर्ष तक के लिए आवेदन किया जा सकता है।

खाद्य अनुज्ञप्ति - जिन खाद्य कारोबारियों का वार्षिक टर्नओवर 1.5 करोड़ रुपये से अधिक है। शुल्क चिल्हर एवं थोक विक्रेता हेतु 2000 प्रति वर्ष तथा खाद्य उत्पादक हेतु 5000 तक प्रति वर्ष है।

आवश्यक दस्तावेज -खाद्य कारोबारी का पासपोर्ट साइज फोटो (1 नग), फोटो पहचान पत्र की सत्यापित छायाप्रति (जैसे आधार कार्ड, वोटर कार्ड, परिचय पत्र), पैन कार्ड की सत्यापित छायाप्रति एवं खाद्य प्रतिष्ठान के पते संबंधी दस्तावेज, जैसे बिजली बिल या किरायानामा (यदि प्रतिष्ठान किराये से है) अनिवार्य है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर