home page

बाढ़ आई तो होगा रेस्क्यू, जलाशय में हुआ मॉक ड्रिल

 | 
बाढ़ आई तो होगा रेस्क्यू, जलाशय में हुआ मॉक ड्रिल


बाढ़ आई तो होगा रेस्क्यू, जलाशय में हुआ मॉक ड्रिल


बलरामपुर, 20 अगस्त (हि.स.)। बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदा आने पर लोगों को सुरक्षित निकालने और राहत-बचाव कार्यों को तेजी से संचालित करने की तैयारियों को परखने के लिए आज गुरुवार को बड़ा रघुनाथनगर जलाशय में संयुक्त मॉक ड्रिल किया गया। इस दौरान बाढ़ की काल्पनिक स्थिति बनाकर प्रशासन और विभिन्न विभागों ने राहत, बचाव, रेस्क्यू और प्राथमिक उपचार की पूरी प्रक्रिया का प्रदर्शन किया।

वाड्रफनगर विकासखंड के बड़ा रघुनाथनगर जलाशय में आयोजित अभ्यास में भारी बारिश के कारण जलाशय का जलस्तर बढ़ने और आसपास के गांवों में पानी भरने की स्थिति बनाई गई। इसके बाद मुनादी कर ग्रामीणों को सतर्क रहने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की जानकारी दी गई।

काल्पनिक बाढ़ की स्थिति के बाद रेस्क्यू टीम नाव और लाइफ जैकेट के साथ जलभराव वाले क्षेत्रों में पहुंची। टीम ने फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्थायी राहत शिविर तक पहुंचाने का अभ्यास किया। स्वास्थ्य विभाग की एंबुलेंस और मेडिकल टीम ने घायलों को स्ट्रेचर के जरिए एंबुलेंस तक पहुंचाने और प्राथमिक उपचार देने की प्रक्रिया भी दिखाई।

मॉक ड्रिल में राहत शिविर और स्वास्थ्य शिविर की व्यवस्था, मरीजों की जांच, उपचार, दवाइयों की उपलब्धता और गंभीर मरीजों को दूसरे अस्पताल रेफर करने की प्रक्रिया का भी प्रदर्शन किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि बाढ़ जैसी आपदा अचानक आ सकती है। ऐसे समय में लोगों को घबराने के बजाय प्रशासन और बचाव दल के निर्देशों का पालन करना चाहिए। वहीं सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय और त्वरित कार्रवाई से जनहानि को कम किया जा सकता है।

मॉक ड्रिल के दौरान जनपद पंचायत वाड्रफनगर अध्यक्ष शशि सिंह पोर्ते, उपाध्यक्ष पवन जायसवाल, जनपद सदस्य एवं अन्य जनप्रतिनिधि, अपर कलेक्टर आर.एस. लाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी, वाड्रफनगर एसडीएम नीर निधि नंदेहा, रामानुजगंज एसडीएम आनंद राम नेताम, तहसीलदार, अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

अभ्यास के जरिए जिले की आपदा प्रबंधन तैयारियों और बाढ़ के दौरान राहत-बचाव की क्षमता को मौके पर परखा गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय