कोंडागांव में वन्य प्राणी तेंदुए के हमले से एक परिवार के पांच घायल
कोंडागांव, 15 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के अंतिम छोर पर बसे बस्तर बुडरा गांव में गुरुवार सुबह लगभग पांच बजे घर के आंगन में आग जलाकर मक्का छील रहे एक परिवार पर वन्य प्राणी तेंदुए ने हमला कर दिया। इस घटना में परिवार के मुखिया देवलाल वट्टी समेत पांच लोग घायल हो गए। घायलों में दो महिलाएं भी शामिल हैं, जिनमें रमशीला मंडावी छह माह की गर्भवती बताई जा रही हैं।
घटना के बाद सभी घायलों को उपचार के लिए विश्रामपुरी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। वहीं एक युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए कांकेर रेफर किया गया है। घटना के बाद वन विभाग की टीम अलर्ट मोड पर है। ग्रामीणों को विशेष सावधानी बरतने और सतर्क रहने की हिदायत दी गई है। गांव में तेंदुए की मौजूदगी को लेकर ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। वन विभाग की ओर से क्षेत्र में निगरानी और आवश्यक कार्रवाई किए जाने की जानकारी सामने आई है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे अकेले घर से बाहर न निकलें और किसी भी वन्यजीव की गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल संबंधित विभाग को सूचना दें।
केशकाल वनमंडल की डीएफओ दिव्या गौतम ने बताया कि तेंदुए के हमले की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई है। ग्रामीणों को लगातार मुनादी के माध्यम से सतर्क किया जा रहा है। उन्होंने बताया इसे देखते हुए केशकाल वनमंडल की संयुक्त टीम तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू करने के लिए अभियान चला रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

