home page

जांजगीर-चांपा में स्कूली बसों की जांच: 21 बसों में से पांच में मिली फिटनेस संबंधी खामियां, 25 हजार रुपये का चालान

 | 
जांजगीर-चांपा में स्कूली बसों की जांच: 21 बसों में से पांच में मिली फिटनेस संबंधी खामियां, 25 हजार रुपये का चालान


जांजगीर-चांपा में स्कूली बसों की जांच: 21 बसों में से पांच में मिली फिटनेस संबंधी खामियां, 25 हजार रुपये का चालान


जांजगीर-चांपा, 28 अक्टूबर (हि. स.)। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर जांजगीर-चांपा जिले में यातायात पुलिस और परिवहन विभाग ने बुधवार को संयुक्त जांच अभियान चलाया। इस दौरान चांपा के हसदेव पब्लिक स्कूल और सरस्वती स्कूल की कुल 21 स्कूली बसों की जांच की गई। जांच में 5 बसों में फिटनेस संबंधी खामियां मिलने पर परिवहन विभाग ने कुल 25 हजार रुपये की चालानी कार्रवाई की। साथ ही बस संचालकों को सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार के नेतृत्व में यह संयुक्त अभियान चलाया गया। इसका मुख्य उद्देश्य स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम करना है।

अभियान के दौरान यातायात पुलिस और जिला परिवहन विभाग की टीम ने सर्वोच्च न्यायालय द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप स्कूली बसों की जांच की। इस दौरान वाहनों की फिटनेस और सुरक्षा मानकों का परीक्षण किया गया। पांच बसों में कमियां मिलने पर संबंधित वाहन संचालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।

जांच के दौरान बस चालकों और संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि बच्चों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी स्कूली वाहनों की फिटनेस दुरुस्त रखने और निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई।

इसके अलावा नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने से रोकने और यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने पर भी विशेष जोर दिया गया। पुलिस ने अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन से बच्चों की सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की।

जांजगीर-चांपा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिले के अन्य स्कूलों में भी स्कूली बसों की जांच का अभियान लगातार जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT