home page

नालों में कचरा फेंकने पर निगम की कार्रवाई, तीन प्रतिष्ठानों पर 30 हजार रुपये का जुर्माना

 | 
नालों में कचरा फेंकने पर निगम की कार्रवाई, तीन प्रतिष्ठानों पर 30 हजार रुपये का जुर्माना


रायगढ़, 27 जून (हि.स.)। नगर पालिक निगम रायगढ़ ने शहर की स्वच्छता और जल निकासी व्यवस्था बनाए रखने के लिए नालों में कचरा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। निरीक्षण के दौरान आज शनिवार काे नालों में कचरा डालकर जल निकासी बाधित करने के आरोप में तीन प्रतिष्ठानों पर कुल 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

कार्रवाई के तहत रायगढ़ क्लॉथ, ए टू ज़ेड ड्रेसेज और सर्वमंगला क्लॉथ पर नाले में कपड़े का कचरा फेंकने के आरोप में प्रत्येक पर 10-10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

नगर निगम के अनुसार, संजय मार्केट से मुख्य जल निकासी के लिए बनाए गए नाले में दुकानों की छत से कपड़े का कचरा फेंका जा रहा था। सफाई अभियान के दौरान नाले से दो मिनी टिप्पर से अधिक कपड़े का कचरा निकाला गया। निगम का कहना है कि इसी वजह से हाल की बारिश में नाले की निकासी बाधित हुई और क्षेत्र में जलभराव की स्थिति बनी।

दोबारा उल्लंघन पर होगी कड़ी कार्रवाई

नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने कहा कि नालों में कचरा फेंकने से जल निकासी प्रभावित होती है और वर्षा के दौरान जलभराव की समस्या बढ़ती है। उन्होंने व्यापारियों और नागरिकों से निर्धारित स्थान पर ही कचरा डालने तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का पालन करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि दोबारा इस प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर अधिक जुर्माने के साथ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी। साथ ही सभी स्वच्छता निरीक्षकों को नियमित निगरानी रखने और उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान