home page

जिला अस्पताल में तंबाकू व नशापान करते पकड़ाने पर 200 रुपये जुर्माना

 | 
जिला अस्पताल में तंबाकू व नशापान करते पकड़ाने पर 200 रुपये जुर्माना


धमतरी, 17 अप्रैल (हि.स.)। जिला अस्पताल को तंबाकू मुक्त बनाने की पहल शुरू कर दी गई है। इसी कड़ी में शुक्रवार को अस्पताल के प्रवेश द्वार, महिला व पुरुष वार्ड, न्यू वार्ड और टीकाकरण कक्ष के पास कोटपा अधिनियम के तहत चेतावनी बोर्ड लगाए गए। साथ ही नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई का स्पष्ट संदेश दिया गया।

जिला अस्पताल में रोजाना 450 से अधिक मरीज ओपीडी में उपचार के लिए पहुंचते हैं। वहीं सैकड़ों मरीज आईपीडी वार्ड में भर्ती रहते है। परिसर में गुड़ाखू और गुटखा का सेवन कर जगह-जगह थूकने से गंदगी फैल रही है जिससे स्वच्छता के साथ-साथ संक्रमण का खतरा बढ़ रहा है। दीवारों, सीढ़ियों, शौचालयों और वार्ड के आसपास थूक के निशान न केवल वातावरण को अस्वच्छ बनाते हैं बल्कि मरीजों और उनके स्वजनों के लिए असुविधा का कारण भी बनते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए अब जिला अस्पताल परिसर में तंबाकू सेवन करने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। तंबाकू नशा मुक्ति केंद्र के द्वारा कोटपा अधिनियम के तहत जागरूकता और नियंत्रण के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है।

इसी कड़ी में अस्पताल के मुख्य द्वार सहित विभिन्न स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाए जा रहे हैं जिनमें स्पष्ट रूप से लिखा है कि शासकीय परिसर में सिगरेट, बीड़ी, पान, गुटका, गुड़ाखू एवं अन्य सभी तंबाकू निर्मित उत्पादों का सेवन करना वर्जित हैं। कोटपा अधिनियम 2003 की धारा चार का उल्लंघन करने पर 200 रुपये जुर्माना किया जाएगा। जिला अस्पताल के नशा मुक्ति केंद्र के सामाजिक कार्यकर्ता विकास कुमार ने बताया कि तंबाकू सेवन से मुंह, गले, फेफड़े और पेट के कैंसर की संभावना बढ़ जाती है। लगातार तंबाकू का सेवन कई लोगों को मानसिक रोगों की ओर भी ले जाता है।

पिछले कुछ वर्षों से सामाजिक और पारिवारिक कारणों से महिलाओं और बच्चों में तंबाकू का चलन बढ़ा है। बुरी संगति और फिल्मों में अपने पसंदीदा कलाकारों को धूम्रपान करता देखकर छोटे बच्चे और युवा धूम्रपान, गुटखा, खैनी और अन्य तंबाकू उत्पादों का सेवन करने लगते हैं। जिला अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके स्वजनों को कोटपा अधिनियम के तहत तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने जिला अस्पताल के अधिकारियों, कर्मचारियों, सुरक्षा कर्मियों और आम लोगों से जिला अस्पताल परिसर को तंबाकू मुक्त बनाने में सहयोग की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा