home page

सेना भर्ती से पहले धमतरी में होगा फाइनल रिहर्सल, युवाओं को मिलेगी तैयारी परखने की सुविधा

 | 
सेना भर्ती से पहले धमतरी में होगा फाइनल रिहर्सल, युवाओं को मिलेगी तैयारी परखने की सुविधा


धमतरी, 27 नवंबर (हि.स.)। 29 नवंबर को इंडोर स्टेडियम में दौड़, शारीरिक दक्षता, ड्रिल और मेडिकल टेस्ट; उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को मिलेगा नकद पुरस्कार

भारतीय सेना में भर्ती होकर देशसेवा का सपना देखने वाले युवाओं के लिए अपनी तैयारी परखने का सुनहरा अवसर मिलने जा रहा है। निःशुल्क कमांडो प्रशिक्षण केंद्र एवं मिलिट्री एकेडमी धमतरी के तत्वावधान में 29 नवंबर रविवार को सुबह 6 बजे से इंडोर स्टेडियम में सेना भर्ती रैली की फाइनल रिहर्सल एवं मेडिकल टेस्ट आयोजित किया जाएगा। इसमें अभ्यर्थियों को सेना भर्ती के निर्धारित मापदंडों के अनुरूप 1600 मीटर दौड़, शारीरिक दक्षता परीक्षण, ड्रिल और मेडिकल टेस्ट की प्रक्रिया से गुजरना होगा।

इस अभ्यास से युवाओं को अपनी शारीरिक क्षमता, सहनशक्ति, अनुशासन और तैयारी का वास्तविक आकलन करने का अवसर मिलेगा। उल्लेखनीय है कि 12 से 18 दिसंबर तक बिलासपुर के बहतराई स्टेडियम में सेना भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। इसी को ध्यान में रखते हुए धमतरी में फाइनल रिहर्सल कराई जा रही है, ताकि अभ्यर्थी वास्तविक भर्ती प्रक्रिया, समयबद्धता और शारीरिक मानकों से पहले ही परिचित हो सकें। इससे उन्हें अपनी कमियों को पहचानकर शेष समय में तैयारी बेहतर करने में मदद मिलेगी। रिहर्सल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप नकद पुरस्कार भी दिए जाएंगे। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को 5,001 रुपये, द्वितीय स्थान पर रहने वाले को 3,001 रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 1,001 रुपये प्रदान किए जाएंगे। आयोजन में शामिल होने के लिए प्रवेश शुल्क 100 रुपये निर्धारित किया गया है। मिलिट्री एकेडमी ने जिले के युवाओं से अधिकाधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। इच्छुक अभ्यर्थियों को 29 नवंबर को सुबह 6 बजे इंडोर स्टेडियम पहुंचना होगा। साथ में आधार कार्ड, खेल पोशाक और आवश्यक दस्तावेज लाना अनिवार्य है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा