कांग्रेस नेताओं पर एफआईआर दर्ज हाेना सरकार की फांसीवादी नीति : कांग्रेस
रायपुर, 23 जुलाई (हि.स.)। भाजपा के कांग्रेस मुख्यालय घेराव के दौरान हुए बवाल में पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर एफआईआर दर्ज किए जाने का कांग्रेस ने विरोध करते हुए इसे सरकार की फांसीवादी नीति बताया है।
कांग्रेस के संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने पार्टी नेताओं-कार्यकर्ताओं पर एफआईआर दर्ज किए जाने पर कहा कि, बुधवार काे सरकार के साथ भाजपा के लोगों ने राजीव भवन पर हमला बोला था। कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पत्थर फेंके गए। पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर आंसू गैस के गोले छोड़े। कांग्रेस इसकी कड़ी निंदा करती है। हम इस मामले को लेकर राज्यपाल के पास जाएंगे।
वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद दुबे ने कहा कि, भाजपा के नेताओं ने जूते-चप्पल और पत्थर फेंके गए, लेकिन कांग्रेस के नेताओं के खिलाफ ही एफआईआर दर्ज हो गया। यह फांसीवादी नीति है। कांग्रेस के दफ्तर में आकर मंत्रियों के द्वारा प्रदर्शन करना शोभा नहीं देता। भाजपा के लोग ट्रैक्टर में पत्थर भरकर लाए थे। सत्ता पक्ष होकर अपने गुंडों को लाकर कांग्रेस भवन में पत्थर फेंका गया। कांग्रेस नेताओं के ऊपर एफआईआर की हम आलोचना करते हैं। प्रशासन निष्पक्ष कार्रवाई करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

