home page

ऑटो ने माेटरसाइकिल को मारी टक्कर, फिर पुल से जा भिड़ी; महिला-बच्चों समेत कई घायल

 | 
ऑटो ने माेटरसाइकिल को मारी टक्कर, फिर पुल से जा भिड़ी; महिला-बच्चों समेत कई घायल


ऑटो ने माेटरसाइकिल को मारी टक्कर, फिर पुल से जा भिड़ी; महिला-बच्चों समेत कई घायल


जांजगीर चांपा, 28 नवंबर (हि. स.)। जांजगीर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत धाराशिव मोड़ के पास शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सामने से आ रहे ऑटो ने माेटरसाइकिल सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने पुल से जा टकराई। हादसे में माेटरसाइकिल सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि ऑटो में सवार महिला और बच्चों को भी चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम धनगांव निवासी रितेश बर्मन अपनी बाइक क्रमांक सीजी 11 बीएस 7630 से जांजगीर से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान धाराशिव मोड़ के पास सामने से आ रही ऑटो क्रमांक सीजी 11 बी 6928 ने उनकी माेटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि माेटरसाइकिल सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, बाइक से टकराने के बाद ऑटो चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ऑटो सड़क किनारे बने पुल से जा भिड़ी।

बताया जा रहा है कि ऑटो में महिला और बच्चे सवार थे, जो एक सगाई कार्यक्रम से वापस लौट रहे थे। हादसे में उन्हें भी चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद ऑटो चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर डायल 112 की मदद से घायल बाइक सवार को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही भीम आर्मी के जिला अध्यक्ष शिव चौरसिया अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल युवक की मदद की। उन्होंने धाराशिव मोड़ पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं को लेकर सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए।

शिव चौरसिया के अनुसार, यह मार्ग काफी घुमावदार है और यहां आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। इस संबंध में कई बार जिला प्रशासन को पत्र लिखकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है। उन्होंने प्रशासन से इस दुर्घटनाजन्य मोड़ पर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT