home page

कोरबा में आकाशीय बिजली गिरी, पिता की मौत,पुत्र बेहोश, खेत में धान का छिड़काव करते समय हुआ हादसा

 | 

-खेत में धान का छिड़काव करते समय हुआ हादसा

कोरबा, 03 जुलाई (हि.स.)। कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम तुमान में शुक्रवार (3 जुलाई) दोपहर खेत में काम कर रहे पिता-पुत्र पर आकाशीय बिजली गिर गई। हादसे में 75 वर्षीय किसान धनीराम पटेल की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा धनेश्वर पटेल गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का इलाज कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जारी है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह से मौसम खराब था और आसमान में बादल छाए हुए थे। धनीराम पटेल अपने बेटे धनेश्वर पटेल के साथ खेत में धान की फसल का छिड़काव कर रहे थे। धनीराम खेत की मेड़ पर खड़े थे, जबकि उनका बेटा खेत में छिड़काव कर रहा था।

मौसम बिगड़ता देख दोनों घर लौटने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से पिता-पुत्र दोनों खेत में ही गिर पड़े। बेटे ने होश आने पर आवाज लगाई । कुछ देर बाद धनेश्वर पटेल को होश आया। उन्होंने मदद के लिए आवाज लगाई, जिसे सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे किसान मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस को सूचना दी।

एम्बुलेंस से दोनों को कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद धनीराम पटेल को मृत घोषित कर दिया। वहीं धनेश्वर पटेल का इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी