home page

अम्बिकापुर : सीएम हेल्पलाइन पर किसान की एक कॉल और एक्शन, महंगी खाद बेचने वाली दुकान सील

 | 
अम्बिकापुर : सीएम हेल्पलाइन पर किसान की एक कॉल और एक्शन, महंगी खाद बेचने वाली दुकान सील


अम्बिकापुर, 25 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के अम्बिकापुर में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076 की ताकत उस समय देखने को मिली, जब एक जागरूक किसान की शिकायत पर प्रशासन ने त्वरित और बड़ी कार्रवाई की। नेहरूनगर डिगमा स्थित 'मेसर्स सरगुजा कृषि राय केंद्र' द्वारा निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर खाद बेचने की शिकायत जैसे ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दर्ज हुई, सरगुजा कलेक्टर तत्काल एक्शन में आ गए।

उनके निर्देश और उप संचालक कृषि पीतांबर सिंह दीवान के मार्गदर्शन में कृषि विभाग की जिलास्तरीय टीम ने आज गुरुवार को संबंधित उर्वरक विक्रय केंद्र पर औचक छापा मारा। जांच के दौरान शिकायतकर्ता किसान के बयान और ऑनलाइन भुगतान के डिजिटल साक्ष्यों ने कालाबाजारी की पोल खोलकर रख दी। अधिक दर पर खाद बेचने की पुष्टि होते ही अधिकारियों ने मौके से 3 हजार 219 बोरी उर्वरक को जब्त कर लिया और पूरे परिसर को सील कर दिया।

कृषि विभाग की इस औचक और सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के उर्वरक विक्रेताओं और कालाबाजारी करने वालों में हड़कंप मच गया है। इस पूरी कार्रवाई के दौरान सहायक संचालक कृषि कुंवर साय पैंकरा, उर्वरक निरीक्षक जे. आलम और ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी सीताराम भगत सहित विभाग के कई आला अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। इस बड़ी कार्रवाई के बाद कृषि विभाग ने जिले के सभी खाद विक्रेताओं को कड़े शब्दों में चेतावनी दी है।

अधिकारियों ने साफ किया है कि किसानों से निर्धारित मूल्य से एक भी रुपया अधिक वसूलना या उर्वरकों की कालाबाजारी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि भविष्य में भी कोई विक्रेता नियमों का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसके खिलाफ इससे भी अधिक कठोर दंडात्मक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह